UP News: रूस में नौकरी का झांसा देकर 3.12 करोड़ की ठगी, सोशल मीडिया विज्ञापन से फंसे 250 युवा, ऐसे खुली पोल
रूस में नौकरी का झांसा देकर 3.12 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। 250 युवा सोशल मीडिया विज्ञापन के माध्यम से फंसे। एयरपोर्ट पहुंचे तो पोल खुली। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर गोंडा में 250 युवाओं से 3.12 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिए गए विज्ञापन के जरिये युवाओं को फंसाया गया। 1.25 लाख से लेकर दो लाख रुपये तक वसूलने के बाद आरोपी कंपनी संचालक फरार हो गया। ठगी का शिकार हुए युवा बृहस्पतिवार को नगर कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी संचालक के खिलाफ जालसाजी और गबन की प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ितों में अयोध्या, श्रावस्ती, बाराबंकी, बहराइच, गोरखपुर, कुशीनगर और बलिया समेत कई जिलों के युवक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उतरौला रोड स्थित हर्ष टावर में संचालित मल्टी इमीग्रेशन काउंसलिंग के प्रोपराइटर विवेक कुमार (निवासी गोदरौली, फतेहपुर) ने रूस में सुनहरा रोजगार अवसर का विज्ञापन जारी किया था।
पासपोर्ट-वीजा की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया
संचालक ने दावा किया कि उसका रूस की रेनाइसेंस कंस्ट्रक्शन कंपनी से करार है। ड्राइवर, हेल्पर, टेक्नीशियन, शटरिंग व इलेक्ट्रीशियन समेत दो दर्जन पदों पर भर्ती होनी है। वेतन 68 हजार से एक लाख रुबल तक बताया गया। 50 रुपये के स्टांप पेपर पर इकरारनामा लिखवाकर पासपोर्ट-वीजा की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया गया।
टिकट रद्द... दफ्तर पर लटका ताला
जिन युवाओं के पास पासपोर्ट और वीजा थे, उनके लिए 24 फरवरी को दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रूस की फ्लाइट बुक कराई गई। कुछ युवक 23 फरवरी को ही दिल्ली पहुंच गए। लेकिन, एयरपोर्ट पर उन्हें पता चला कि टिकट बुक कराने वाले ने ही टिकट निरस्त करा दिए हैं। संदेह होने पर जब युवक गोंडा स्थित कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। इसके बाद सभी ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी
एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया कि अवधेश कुमार पांडेय की तहरीर पर आरोपी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
