गोंडा। ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जीएसटी राजस्व बढ़ाने की रणनीति को लेकर राज्य कर विभाग ने शुक्रवार को ऑटोमोबाइल एवं ऑटो पार्ट्स कारोबारियों के साथ बैठक की। इसमें मौजूदा बाजार की स्थिति, कर अनुपालन और आगामी महीनों में कारोबार बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। राज्य कर भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) केएम मिश्र ने की। बैठक में उपायुक्त हरि सहाय सिंह, केके तिवारी, महेंद्र प्रताप सिंह यादव, आरएस यादव तथा सहायक आयुक्त सत्यप्रकाश गौड़ और श्वेता ओझा मौजूद रहीं। व्यापारियों ने कहा कि जुलाई, अगस्त और सितंबर के दौरान वाहनों की बिक्री सामान्य से कम रहती है, लेकिन अक्तूबर से शुरू होने वाले त्योहारी सीजन में बाजार में तेजी आने की पूरी संभावना है। अधिकारियों ने कर अनुपात बढ़ाने, समय से रिटर्न दाखिल करने और राजस्व संग्रह में सहयोग की अपील की। इस मौके पर सतीश चंद्र गौड़, अनुज श्रीवास्तव, आरएस पाल, रजनीश श्रीवास्तव, वैभव अग्रवाल, सुरेश चंद्र वर्मा आदि ऑटो कारोबारी मौजूद रहे। (संवाद)