भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। खुले बाजार में गेहूं के दामों में अचानक उछाल आने से बुधवार को गल्ला मंडी में किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 500 किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गेहूं लेकर मंडी पहुंच गए जिससे मंडी परिसर से लेकर मुख्य गेट और नेशनल हाईवे-34 तक जाम लग गया।जाम में एसडीएम सदर, रोडवेज बसें, स्कूली बसें, एंबुलेंस समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंस गए। करीब एक घंटे बाद जाम खुलने पर राहगीरों और स्कूली बच्चों ने राहत की सांस ली।
दोपहर करीब 12 बजे लगे जाम में चिलचिलाती धूप में फंसे स्कूली बच्चे और राहगीर गर्मी से परेशान हो उठे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष योगेश तिवारी, कस्बा इंचार्ज सुरेंद्र यादव और फैक्टरी एरिया चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मंडी के अंदर व्यवस्थित कराया तब यातायात सामान्य हो सका। हालांकि जाम के चलते हाईवे पर लगभग दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
किसान धीरेंद्र यादव, मुन्ना द्विवेदी, वंशलाल सिंह, सज्जन द्विवेदी, प्रदीप गुप्ता, अजय कुमार, रामबाबू, सौरभ सिंह, शिव सिंह, आसाराम यादव, फूल सिंह, श्याम सिंह, राजा सिंह, इंद्रपाल सिंह आदि ने बताया कि बाजार में गेहूं के दामों में करीब 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में गेहूं 2400 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है जबकि एक सप्ताह पहले 2250 रुपये था। किसानों के अनुसार यह दाम सरकारी समर्थन मूल्य से मात्र 185 रुपये कम है। इसकी वजह से बड़ी संख्या में किसान मंडी पहुंचे।