Hamirpur Accident: बोलेरो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत और भतीजा घायल, परिवार में मचा कोहराम
Hamirpur News: मुस्करा कस्बे में निमंत्रण से लौट रहे कमलेश की बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में मुस्करा कस्बा के ग्राम गहरौली में निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने आए एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, सुमेरपुर निवासी कमलेश (40) पुत्र भाईराम अपने भतीजे अनिल पुत्र अशोक के साथ गहरौली गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों शनिवार सुबह बाइक से वापस सुमेरपुर के लिए निकले।
रास्ते में इमिलिया गांव में अपने साढ़ू भाई के यहां नाश्ता करने के बाद जैसे ही वे लगभग 50 मीटर आगे इंडियन बैंक के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे। हादसे में पीछे बैठे कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे उनके साढ़ू श्रीराम ने 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. बृजेन्द्र राजपूत ने जांच के बाद कमलेश को मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं, घायल अनिल का प्राथमिक उपचार किया गया। मृतक के बड़े पुत्र भूरा ने बताया कि उनके पिता एक सीमेंट की दुकान में मुनीमी का कार्य करते थे और उसी से परिवार का भरण-पोषण होता था। कमलेश अपने पीछे तीन पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो टीहर गांव की बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।