Hardoi: आमिर खान के 'डर' वाले बयान पर भाई फैसल का पलटवार; बोले- मुझे हिंदुस्तान में कहीं कोई डर नहीं लगता
Hardoi News: फिल्म अभिनेता आमिर खान के भाई और अभिनेता-निर्देशक फैसल खान करीब 19 वर्ष बाद हरदोई के शाहाबाद क्षेत्र पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे आमिर खान के हरदोई आने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, वह कोई गाय-भैंस तो हैं नहीं कि मैं पकड़कर ले आऊं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भाई और फिल्म अभिनेता-निर्देशक फैसल खान लगभग 19 साल बाद अचानक उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के शाहाबाद पहुंचे हैं। शाहाबाद के अख्तियारपुर और दिलावरपुर गांवों में स्थित अपनी पुश्तैनी 120 बीघा जमीन और बागों का जायजा लेने पहुंचे फैसल खान ने पत्रकारों के हर तीखे सवाल का बेहद बेबाकी और तंजिया लहजे में जवाब दिया।
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे अपने भाई आमिर खान को भी कभी हरदोई लाएंगे? तो फैसल ने झटके में तंज कसते हुए कहा, आमिर खान कोई गाय-भैंस तो हैं नहीं जो मैं उन्हें जबरदस्ती पकड़कर ले आऊं! जब उनका मन होगा, वह खुद आ जाएंगे।
संभालेंगे 120 बीघा जमीन और करेंगे फार्मिंग
हरदोई के एक रेस्टोरेंट में मीडिया से रू-ब-रू होते हुए फैसल खान ने बताया कि वे यहां किसी फिल्मी सिलसिले में नहीं, बल्कि अपने पुश्तैनी बागानों और खेतों की देखभाल के लिए आए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी करीब 120 बीघा जमीन की कमान जो केयर टेकर संभाल रहे थे, वे पिछले 10 वर्षों से गंभीर बीमारी के चलते बिस्तर पर हैं।
देखरेख के अभाव में अब वे खुद इस पुश्तैनी संपत्ति की कमान संभालना चाहते हैं। फार्मिंग खेती के प्रति अपनी गहरी रुचि जाहिर करते हुए फैसल ने कहा कि वे अब अपनी माटी से दोबारा जुड़कर यहां खुद आधुनिक खेती और बागवानी करने का पूरा मन बना रहे हैं।
मानसिक बीमारी के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फैसल खान ने अपने अतीत के काले पन्नों और पारिवारिक विवादों पर भी खुलकर बात की। अतीत में खुद पर लगे 'पैरानॉयड स्किजोफ्रेनिया' जैसी गंभीर मानसिक बीमारी के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह बकवास और गलत बताया।
फैसल ने कहा, अदालत ने मुझे पूरी तरह सामान्य व्यक्ति माना था और हाल ही में मैंने खुद के बलबूते फिल्म 'फैक्ट्री' का शानदार निर्देशन और अभिनय करके दुनिया के सामने अपनी काबिलियत साबित कर दी है। भाइयों के बदलते रिश्तों पर उन्होंने दार्शनिक अंदाज में कहा कि संबंधों में उतार-चढ़ाव तो जीवन का एक हिस्सा है।
इसके साथ ही, एक दशक पहले आमिर खान द्वारा देश के माहौल को लेकर दिए गए विवादित बयान कि हिंदुस्तान में डर लगता है उससे फैसल ने पूरी तरह किनारा कर लिया। फैसल ने दोटूक कहा, मुझे हिंदुस्तान में कहीं भी डर नहीं लगता। देखिए, मैं आज बिना किसी सुरक्षाकर्मी के आपके बीच सरेआम घूम रहा हूं।
भाई की फ्लॉप फिल्मों पर ली चुटकी
आमिर खान की हालिया बॉक्स ऑफिस पर लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों पर भी फैसल खान चुटकी लेने से नहीं चूके। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अगर भविष्य में उन्हें कोई बहुत बेहतरीन स्क्रिप्ट या कहानी मिली, तो वह खुद अपने भाई आमिर खान को अपनी फिल्म में बतौर डायरेक्टर साइन करेंगे और उनके इस खराब फिल्मी दौर को खत्म कर उन्हें बाहर निकाल देंगे।
फैसल खान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फिल्म सिटी बनाने की महत्वाकांक्षी पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपी में फिल्म सिटी बनने से न सिर्फ राज्य के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा, बल्कि स्थानीय और ग्रामीण टैलेंट को भी अपनी कला दिखाने के लिए एक बहुत बड़ा और राष्ट्रीय प्लेटफार्म मिल सकेगा।