सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hathras News ›   15 establishments including V Mart, Library and Coaching Centre shut down in Hathras

Hathras News: लखनऊ अग्निकांड के बाद टूटी नींद, वी मार्ट-लाइब्रेरी व कोचिंग सेंटर सहित 15 प्रतिष्ठान कराए बंद

अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Wed, 24 Jun 2026 11:37 AM IST
विज्ञापन
सार

हाथरस रोड, मथुरा अड्डा और राया तिराहा स्थित कोचिंग केंद्रों व पुस्तकालयों की सुरक्षा जांची गई। अधिकारियों ने अग्निशमन सुरक्षा और आपातकालीन इंतजाम देखे। कुछ संचालक प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए।

15 establishments including V Mart, Library and Coaching Centre shut down in Hathras
हाथरस में बंद कराया वी-मार्ट, लाइब्रेरी का निरीक्षण करते डीएम व एसपी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मंगलवार को हाथरस जिले भर में अभियान चलाया। डीएम और एसपी स्वयं शहर में कई व्यावसायिक भवनों और कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। आग से बचाव के इंतजाम नहीं मिलने पर जिले में वीमार्ट सहित 15 लाइब्रेरी, कोचिंग सेंटर और कंप्यूटर सेंटर को बंद करा दिया गया। सादाबाद में राधे लाइब्रेरी एसडीएम मनीष चाैधरी ने सील करा दी है।



इससे पहले डीएम ने निरीक्षण और कार्रवाई के लिए तहसीलवार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमों का गठन किया। एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह, सीओ सिटी हिमांशु माथुर और सीएफओ आरके वाजपेयी ने अग्निशमन विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने शहर के बीच स्थित नयागंज बाजार में संचालित वी-मार्ट में औचक निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे और नियमों की अनदेखी की जा रही थी। दो मंजिला डिपार्टमेंटल स्टोर में फायर सेफ्टी सिस्टम तो लगा था, लेकिन निकलने के लिए एक ही द्वार था। सीढ़ियां भी एक ही हैं, जो अंदर की तरफ है। कांच के एलीवेशन वाले इस भवन में कोई हादसा हुआ तो लोगों को ऊपर से निकालने के लिए भी जगह नहीं है। इस स्थिति को देख एसडीएम ने इसे तत्काल बंद करा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


शहर में चार लाइब्रेरियों पर भी की तालाबंदी
डीएम अतुल वत्स व एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने अलीगढ़ सड़क पर एक्सिस बैंक के नीचे बेसमेंट में संचालित प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। यहां स्थिति चिंताजनक मिली। सुरक्षा मानक न होने पर इसे बंद कराया। घंटाघर पर संचालित दीपक क्लासेस स्थित लाइब्रेरी में भी सुरक्षा मानक नहीं मिले, उसे भी बंद कराया गया। कोटा सड़क पर भारद्वाज लाइब्रेरी और इससे आगे आरपीएम इंटर कॉलेज के पास स्थित प्रेम हरी लाइब्रेरी को भी बंद कराया गया। इन सभी को पहले सुरक्षा मानक पूरे करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने यहां सेवा ले रहे छात्रों की फीस वापस करने के भी निर्देश दिए हैं। 

विज्ञापन

फायर सिस्टम में पानी की जगह निकला कूड़ा
आगरा सड़क स्थित प्रेम रघु अस्पताल में फायर सिस्टम तो मिला, लेकिन वह क्रियाशील नहीं था। यहां कोई ऐसा व्यक्ति नहीं मिला, जिसे फायर सिस्टम चलाने की जानकारी हो। जब उन्हें चलवाकर देखा गया, तो उपकरणों के भीतर से पानी की जगह भारी मात्रा में कूड़ा निकला। अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर वहां हर समय एक जिम्मेदार व्यक्ति को तैनात रखने और उसका फोन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। आगरा सड़क स्थित विशाल मेगा मार्ट में आपातकालीन निकासी द्वार की चाबी तो मौजूद थी, लेकिन उसका कोई स्पष्ट डिस्प्ले नहीं लगा था। साथ ही सीढ़ियों में सामान के हैंगर लगाकर रास्ता बाधित किया गया था। इस लापरवाही पर मार्ट प्रबंधन को नोटिस थमाया गया है।


सादाबाद में कोचिंग केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा पर सख्ती
लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद सादाबाद प्रशासन सतर्क हुआ। मंगलवार को एसडीएम मनीष चौधरी और सीओ जेएन अस्थाना ने व्यावसायिक भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने हाथरस रोड, मथुरा अड्डा और राया तिराहा स्थित कोचिंग केंद्रों व पुस्तकालयों की सुरक्षा जांची। अधिकारियों ने अग्निशमन सुरक्षा और आपातकालीन इंतजाम देखे। कुछ संचालक प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए। अधिकारियों ने संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

सादाबाद में छात्र-छात्राओं को दी श्रद्धांजलि
द बार एसोसिएशन सादाबाद ने मंगलवार को शोक सभा आयोजित कर लखनऊ के अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर ने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। उन्होंने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की बात कही। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed