पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
फ्री ई-पेपर
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hathras News ›   CM Yogi Adityanath attacks the opposition in Hathras

Hathras: सीएम योगी बोले- अयोध्या को रामभक्तों ने संवारा, अखिलेश में मथुरा पर बोलने की हिम्मत नहीं

Sun, 28 Jun 2026 01:44 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Sun, 28 Jun 2026 01:44 PM IST
सार

हाथरस में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने जहां एक ओर डबल इंजन की सरकार में विकास की तारीफ की, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। सीएम ने अखिलेश यादव आरोप लगाया कि आपमें हिम्मत नहीं है, क्योंकि आप मुल्ला और मौलवियों के आगे घुटने टेकते हैं। सपा के पास अयोध्या, मथुरा या प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है।

विज्ञापन
CM Yogi Adityanath attacks the opposition in Hathras
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर साधा निशाना - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हाथरस में करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास, कानून-व्यवस्था, किसानों के कल्याण, औद्योगिक विकास, धार्मिक स्थलों, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ-साथ समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। करीब एक घंटे के संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त, माफिया मुक्त और विकास की नई राह पर आगे बढ़ाया है। 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत ब्रज की पावन भूमि हाथरस को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि हाथरस स्वतंत्रता आंदोलन में अपने योगदान, वीरता, काका हाथरसी की साहित्यिक विरासत और देशभर में प्रसिद्ध हींग की खुशबू के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी पावन धरती को वह नमन करते हैं और हाथरस की जनता का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि आज हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है। उन्होंने इसके लिए जिले की जनता और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।
विज्ञापन


'सुरक्षा होगी तभी विकास होगा'
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल वहीं संभव है, जहां कानून-व्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जहां दंगे, गुंडागर्दी और अराजकता होती है, वहां विकास और उज्ज्वल भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती। योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश का शायद ही कोई जिला रहा होगा, जो दंगों से अछूता रहा हो। उन्होंने मथुरा के जवाहर बाग, कोसीकलां, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय आए दिन कर्फ्यू लगते थे। इससे व्यापार चौपट होता था, नौजवानों की नौकरियां प्रभावित होती थीं और प्रदेश की छवि खराब होती थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न कोई दंगा हुआ, न कर्फ्यू लगा और न ही गुंडागर्दी होने दी गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

मोहर्रम का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में लगभग 12 हजार मोहर्रम जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा, पथराव या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट व्यवस्था बनाई है कि ताजिए के नाम पर किसी गरीब का घर नहीं हटेगा, किसी मकान का छज्जा नहीं तोड़ा जाएगा और न ही हाईटेंशन बिजली लाइन हटाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर ताजिए की ऊंचाई कम करनी होगी, लेकिन आम जनता की सुरक्षा और सुविधाओं से समझौता नहीं होगा।

किसानों के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रोसेसिंग सेंटर और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाएं विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित किए गए हैं, ताकि किसानों को समय पर उन्नत बीज मिल सकें और कम लागत में अधिक उत्पादन हो। उन्होंने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अन्नदाता किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।





डबल इंजन सरकार की योजनाएं गिनाईं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान, हर घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार होली और दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त एलपीजी सिलिंडर भी उपलब्ध करा रही है।

'उत्तर प्रदेश का नौजवान अब पहचान नहीं छिपाता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का युवा दूसरे राज्यों में जाकर अपनी पहचान छिपाता था क्योंकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था की छवि खराब थी। आज स्थिति बदल चुकी है। अब उत्तर प्रदेश का नौजवान गर्व के साथ अपनी पहचान बताता है और प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।


अखिलेश यादव पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान पढ़ा, जिसमें वह अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, "आप क्या अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे। रामभक्तों पर गोली आपकी ही सरकार ने चलवाई थी। अयोध्या को रामभक्तों ने सजा-संवार दिया है। आप उसकी चिंता मत करिए, पहले पश्चाताप करिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए। योगी ने आगे कहा कि यदि अखिलेश यादव में हिम्मत है तो मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर बोलें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, "आपमें हिम्मत नहीं है, क्योंकि आप मुल्ला और मौलवियों के आगे घुटने टेकते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास अयोध्या, मथुरा या प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है।

कांग्रेस और आपातकाल पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने 25 जून 1975 को लगे आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जयप्रकाश नारायण, डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव सहित कई विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुलायम सिंह यादव की विरासत का अपमान कर रही है।

हाथरस के विकास का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस के तीनों विधायकों ने सड़क, फ्लाईओवर और अन्य विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव दिए हैं, जिन पर सरकार काम कर रही है। मेडिकल कॉलेज की समस्याओं का समाधान, सिकंदराराऊ बस स्टैंड का निर्माण और अन्य परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृत की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाथरस का औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इससे हाथरस, कासगंज, एटा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है।

हींग और गुड़ का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस की हींग की खुशबू और यहां के गुड़ का स्वाद आज पूरे प्रदेश और देश में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर जिले की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेगी। उन्होंने हाथरस की जनता को 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात पर बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed