Hathras News: हरि आई अस्पताल की जमीन कराई कब्जा मुक्त, तोड़ा निर्माण, पंकज धवरैया की खोली हिस्ट्रीशीट
पंकज धवरैया के खिलाफ प्रधानमंत्री का पिंड दान करने तथा हरिआई अस्पताल में कब्जा करने के आरोप में अलग-अलग एफआईआर दर्ज हुई हैं। पंकज पर अब तक 21 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
विस्तार
हाथरस के आगरा रोड स्थित हरिआई अस्पताल में अवैध कब्जा करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद 6 मार्च को राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जमीन को कब्जा मुक्त कराया। वर्ष 2026 के चार मुकदमे मिलाकर पंकज पर अब तक 21 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। कोतवाली पुलिस ने पंकज की हिस्ट्रीशीट खोल दी है।
यूजीसी के विरोध में सात फरवरी से अपने घर के बाहर धरने पर बैठे पंकज धवरैया के खिलाफ एक के बाद एक कार्रवाई हो रही है। कुछ दिन पहले एक्स पर बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद उनके धरने पर सवाल उठ गए थे। इसके आधार पर पुलिस ने कोतवाली सदर में पंकज व उनके साथी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी।
अब पंकज के खिलाफ प्रधानमंत्री का पिंड दान करने तथा हरिआई अस्पताल में कब्जा करने के आरोप में अलग-अलग एफआईआर दर्ज हुई हैं। हरिआई अस्पताल मामले में एसडीएम सदर से शिकायत हुई थी। एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण में जांच कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। पंकज ने अवैध रूप से दीवार खड़ी कर कमरा बना लिया है और टिनशेड डालकर मवेशियों को रख रहा है।
कमरे पर गेट भी लगा दिया था। बताते हैं कि काफी समय से इस जगह पर कब्जा कर रखा था। जांच के बाद लेखपाल ने कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार की शाम को टीम जमीन को कब्जा मुक्त कराने पहुंच गई। बुलडोजर के साथ टीम हरिआई अस्पताल पहुंची तथा वहां अवैध रूप से बने कमरों को ढहाया गया। इस दौरान तहसीलदार, लेखपाल व तीन थानों का फोर्स मौजूद रहा। एसडीएम सदर राजकुमार ने बताया कि जांच में आरोपी सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। अस्पताल की जगह को कब्जा मुक्त कराया गया है।
जिले में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। राजस्व टीम की मांग पर पुलिस की मौजूदगी में अवैध कब्जा हटाया गया है। लगातार मुकदमे दर्ज होने के चलते पंकज की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
हिस्ट्रीशीट नंबर 04-बी पंकज की नई पहचान
कोतवाली सदर पुलिस ने पंकज शर्मा उर्फ पंकज धवरैया को नयी पहचान दे दी है। 21 मुकदमे दर्ज होने के कारण पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है, जिसका नंबर 4-बी है। पंकज पर वर्ष 2018 से लेकर अब तक यह मुकदमे दर्ज हुए हैं।
