Hathtras: केला व्यापारी को लूटने वाले चार बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक को लगी गोली, कर्मचारी निकला गद्दार
सादाबाद पुलिस व एंटी थेफ्ट टीम ने मथुरा-बिसाना रोड से लिंक रोड राया रोड मडनई कट पर बाइक सवार बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायर किए गए, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी।
विस्तार
सादाबाद कस्बे में केला व्यापारी से हुई लूट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। 4 अप्रैल देर रात हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लग गई। पुलिस ने लूट के 1.97 लाख रुपये, सोने की अंगूठी व कड़ा भी बरामद कर लिया है। पिछले दस दिन से प्लांट में काम करने वाले कर्मचारी ने ही साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी।
मोहल्ला इस्लामनगर के रहने वाले हरिओम दो अप्रैल की रात अपने केला प्लांट से घर जा रहे थे। छावी मियां बाग के निकट बदमाशों ने उन्हें रोक लिया था तथा बेरहमी से पीटा था। तमंचे की बट से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बदमाश थैले में रखे 4,04,200 रुपये, अंगूठी व कड़ा लूटकर ले गए थे। हरिओम के भतीजे लवकुश ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ने बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया था। सर्विलांस टीम भी लगी हुई थी।
शनिवार रात सादाबाद पुलिस व एंटी थेफ्ट टीम ने मथुरा-बिसाना रोड से लिंक रोड राया रोड मडनई कट पर बाइक सवार बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायर किए गए, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी। साथी को गिरता देख बाकी तीनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें भी दबोच लिया गया।
पुलिस ने शिवम व दीपू निवासी चमरपुरा, सादाबाद, रंजीत कुमार निवासी खेड़ा परसौली, चंदपा व पवन कुमार निवासी नगला अर्जुन, खंदौली आगरा को गिरफ्तार कर लिया। इनमें शिवम के पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी भर्ती कराया गया।
एसपी चिरंजीवन नाथ सिन्हा ने बताया कि दीपू पिछले 10 दिनों से हरिओम के प्लांट पर काम कर रहा था। उसी ने लूट की योजना बनाई थी। उसने अपने साथी शिवम को बताया था कि व्यापारी रोज रुपये लेकर निकलता है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा व बाइक भी बरामद की है। रुपये व सोने के अलावा लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।