Hathras: सहालग शुरू होने से चमका बाजार, उमड़ने लगे खरीदार, दूल्हा-दुल्हन के परिधान संग लहंगा-सूट की बढ़ी मांग
सहालग शुरू होने से हाथरस के बागला मार्ग, रामलीला ग्राउंड, बैनीगंज, होली वाली गली और मोती बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। शाम के समय बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
विस्तार
सहालग की 3 फवरी से शुरुआत हो गई है। इसके मद्देनजर शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। लंबे समय बाद एक साथ कई शुभ तिथियां आने से व्यापारियों को सहालग के सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
सबसे अधिक उत्साह कपड़ा व्यापारियों में देखने को मिल रहा है। शादियों के मौसम में दूल्हा-दुल्हन के परिधान, साड़ियां, लहंगे, सूट और बच्चों के कपड़ों की मांग बढ़ जाती है। इसको देखते हुए नए डिजाइन और लेटेस्ट फैशन के अनुसार परिधानों की बिक्री जोरों पर है। परचून व्यापारियों के यहां भी मिठाई, किराना और शादी में प्रयोग होने वाली सामग्री की बिक्री खूब हो रही है।
इसके अलावा ब्यूटी पार्लर, मेहंदी कलाकार, ज्वेलरी और बर्तन कारोबार से जुड़े लोग भी सहालगों के प्रति खासे उत्साहित हैं। फर्नीचर और बर्तन व्यापारियों ने शादियों में दिए जाने वाले बर्तन और उपहार सामग्री की डिलीवरी देना शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख बाजार बागला मार्ग, रामलीला ग्राउंड, बैनीगंज, होली वाली गली और मोती बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। शाम के समय बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
इस साल सहालग कुछ लेट हैं, इसलिए कम दिनों में अच्छे सहालग होंगे। इस कारण फुटकर कारोबारियों ने काफी स्टॉक किया है। सहालग के लिए खूब बिक्री हो रही है।-कार्तिक अग्रवाल, बर्तन के थोक विक्रेता।
सहालग के लिए हमने पहले से ही तैयारी कर ली थी। इस माह करीब 14 बुकिंग हैं। हमने जिन लोगों के यहां शादियां हैं, वहां सामान पहुंचाना शुरू कर दिया है। इस सीजन में बुकिंग अच्छी हैं, इसलिए कुछ नए डिजायन की कैटरिंग का हम प्रयोग कर रहे हैं।-दिगंबर सिंह, कैटर्स।
हमने सर्दी व गर्मी के बीच के मौसम के मद्देनजर दूल्हों के लिए अच्छा कलेक्शन किया है। पुरुषों के लिए अच्छी पार्टी वियर ड्रेस की मांग है। हमारे यहां यूनिक कलेक्शन है। कई पीस ऐसे हैं, जिनके दूसरे पीस बाजार में मिलना मुश्किल है।-यश अग्रवाल, रेडीमेड कपड़ों के विक्रेता
परचून के सामान की बुकिंग के लिए कई लिस्ट मिल गईं हैं। अब हम तिथियों के हिसाब से माल की डिलीवरी कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र में अच्छी बुकिंग हैं। बड़ी शादियां इस सीजन में आयोजित हो रही हैं।-संजय कुमार, परचून के सामान के विक्रेता।
विवाह की ये हैं शुभ तिथियां
- फरवरी- 4, 5, 10, 20, 21
- मार्च- 9, 10, 11, 12
- अप्रैल - 20, 21, 25, 26, 29, 30
- मई- 5, 6, 7, 8, 9, 10, 13
- जून- 19, 20, 22, 23, 24, 26, 27, 29
- जुलाई- 1, 3, 4, 6, 8, 9, 11
- सितंबर- 21
- नवंबर- 2, 3, 10, 11, 12, 13, 21, 22, 24, 25, 26
- दिसंबर- 2, 3, 4, 5, 11, 12
