{"_id":"69d60b2b2b561e60f907938f","slug":"mother-and-son-die-of-heart-attack-in-sherpur-hathras-2026-04-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक ही रात में बुझ गए दो दीपक: बेटे की मौत के सदमे में मां की भी हार्ट अटैक से मौत, गांव में छाया मातम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक ही रात में बुझ गए दो दीपक: बेटे की मौत के सदमे में मां की भी हार्ट अटैक से मौत, गांव में छाया मातम
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Wed, 08 Apr 2026 01:35 PM IST
विज्ञापन
सार
राजकुमार अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने पीछे दो छोटे भाइयों और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से जहां बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं मां की मौत ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है।
हार्ट अटैक से मां-बेटे की मौत
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के शेरपुर गांव में मंगलवार की रात एक ऐसी हृदय विदारक घटना घटी, जिसने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार उर्फ राजू (41) की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। लेकिन इस दुखद खबर का दर्द यहीं नहीं थमा। जैसे ही उनका शव घर पहुंचने पर मां राजवती देवी को बेटे की मौत का पता चला, वह यह आघात सहन नहीं कर सकीं और उन्हें भी दिल का दौरा पड़ गया। देखते ही देखते एक ही रात में मां और बेटे, दोनों की जिंदगी की डोर टूट गई।
Trending Videos
बताया जाता है कि मंगलवार शाम राजकुमार को अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सादाबाद ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। तमाम प्रयासों के बावजूद आगरा में इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। जब रात में उनका शव गांव पहुंचा, तो घर में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां राजवती देवी का दिल टूट गया। पुत्र वियोग का यह असहनीय दुख उन्हें भीतर तक झकझोर गया और कुछ ही क्षणों में उनकी भी मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
राजकुमार अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने पीछे दो छोटे भाइयों और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से जहां बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं मां की मौत ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है।
बुधवार सुबह जब एक ही घर से मां और बेटे की अर्थियां उठीं, तो पूरा शेरपुर गांव गमगीन हो उठा। हर आंख नम थी, हर दिल भारी-और हर जुबां पर बस यही सवाल था कि आखिर इतना बड़ा दुख एक ही परिवार पर क्यों टूटा। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है, और हर कोई इस असहनीय पीड़ा को महसूस कर रहा है।