Hathras Weather: भीषण गर्मी ने झुलसाया, सुबह 11 बजे ही तापमान 40 डिग्री के पार, छूटा पसीना
भीषण गर्मी से बचने के लिए दुकानदार भी नए तरीके अपना रहे हैं। शहर के कई बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे ट्रांसपेरेंट पॉलीथिन शीट लगा दी हैं, ताकि गर्म हवा और सीधी धूप को कुछ हद तक रोका जा सके। इसके बावजूद दोपहर 12 बजे के बाद बाजार लगभग सूने हो जा रहे हैं और कारोबार पर इसका असर पड़ रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस में भीषण गर्मी लगातार झुलसा रही है। 18 मई को सुबह 11 बजे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि दिन चढ़ते-चढ़ते अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 18 मई का तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
सोमवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। बेहद जरूरी काम से ही लोग घर से बाहर निकले, जबकि अधिकांश बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम रही।
भीषण गर्मी से बचने के लिए दुकानदार भी नए तरीके अपना रहे हैं। शहर के कई बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे ट्रांसपेरेंट पॉलीथिन शीट लगा दी हैं, ताकि गर्म हवा और सीधी धूप को कुछ हद तक रोका जा सके। इसके बावजूद दोपहर 12 बजे के बाद बाजार लगभग सूने हो जा रहे हैं और कारोबार पर इसका असर पड़ रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक लेखराज ने बताया कि आने वाले दिनों में पारे में इजाफा बने रहने की संभावना है। इस बार गर्मी इतनी तीव्र है कि एसी और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। कूलर से निकलने वाली हवा भी गर्म महसूस हो रही है।
हांफ रहे ट्रांसफाॅर्मर, बार-बार गुल हो रही बिजली
भीषण गर्मी के कारण बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। शहर के वाटर वर्क्स और प्रगतिपुरम विद्युत फीडर पर सबसे अधिक तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। बढ़ते लोड के चलते ट्रांसफाॅर्मर गर्म होकर बार-बार ट्रिप कर रहे हैं, जिससे लोगों को लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति बेहतर नहीं है। तकनीकी खराबी और अधिक मांग के कारण निर्धारित रोस्टर से दो से चार घंटे अधिक बिजली कटौती की जा रही है। कई गांवों में दिन और रात दोनों समय लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं। अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार सिंह का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मरों पर बढ़ते लोड की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां जरूरत है, वहां मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
हाय गर्मी
- 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया अधिकतम तापमान
- 31 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान
- 12 बजे दोपहर से ही पसर रहा बाजारों में सन्नाटा
- 04 डिग्री अधिक गर्म रहा 18 मई का दिन