Agnipath Scheme: फर्रुखाबाद में एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव का प्रयास, चार युवक दबोचे
देशभर में अग्निपथ योजना का विरोध चल रहा है। रविवार को फर्रुखाबाद में भी इस योजना के विरोध में युवा उतर आए। इस दौरान युवाओं ने रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी कर दी। साथ ही, कानपुर जा रही ट्रेन पर भी पथराव करने का भी प्रयास किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले कानपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन पर श्यामनगर रेलवे क्रासिंग के पास कुछ युवकों ने पथराव का प्रयास किया। पुलिस ने दौड़ा कर चार युवकों को दबोच लिया। रेलवे स्टेशनों, चौराहों, तिराहों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी में है।
अग्निपथ योजना के खिलाफ देश भर में चल रहे विरोध के चलते पुलिस प्रशासन सतर्क है। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, चौराहों व तिराहों पर रविवार सुबह से ही पुलिस मुस्तैद रही। सुबह करीब सवा 11 बजे कासगंज से कानपुर जा रही अनवरगंज एक्सप्रेस ट्रेन श्यामनगर रेलवे क्रासिंग से गुजरी, तो कुछ दूर पटरी किनारे खड़े युवकों ने पत्थर फेंकने का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दौड़ा कर चार युवकों को दबोच लिया। आरोपियों के कुछ साथी भाग गए। सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रेन पर पथराव का प्रयास किया गया था। चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उन पर कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी संपत्ति का नुकसान पहुंचाने वालों से हो वसूली
लोकतंत्र सेनानी चंद्रपाल वर्मा के जटवारा जदीद स्थित निवास पर हुई बैठक में आंदोलनों में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर चिंता व्यक्त की गई। पूर्व प्रधानाचार्य राममुरारी शुक्ल ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का दर्द टैक्सदाता को होता है।
ट्रेनों, बसों और अन्य संपत्ति में आग लगाने वाले देश प्रेमी नहीं हो सकते। उग्र आंदोलनों से करोड़ों रुपये की बर्बादी के साथ लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। चंद्रपाल वर्मा ने कहा कि जो संपत्ति का नुकसान करे, उसी से वसूली की जाए। प्रशासन अराजकतत्वों से सख्त कार्रवाई करे। बैठक में गोपीनाथ मिश्र, शिवनरायण, पंकज शाक्य, वेदरामपाल आदि मौजूद थे।