Auraiya: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; दो के पैर में लगी गोली, लूटकांड का हुआ खुलासा, ये सामान हुआ बरामद
Auraiya News: बिधूना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। बदमाशों ने कन्नौज सीमा पर पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पकड़े गए आरोपियों ने हाल ही में एक बुजुर्ग से हुई लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
विस्तार
औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने हाल ही में एक बुजुर्ग से हुई लूट की वारदात को कबूल किया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस कन्नौज सीमा पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मदनपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। भागने की हड़बड़ाहट में गपचरिया पुलिया के पास बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल गई और वे नीचे गिर पड़े। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी।
दो बदमाशों के पैरों में लगी गोली
एक गोली पुलिस वाहन में जा लगी, जिससे टीम के सदस्य बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगने से वे जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान जितेंद्र और राज कपूर के रूप में हुई है। ये दोनों कन्नौज जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके तीसरे साथी का नाम प्रदीप बताया जा रहा है।
लूट का खुलासा और बरामदगी
पूछताछ के दौरान बदमाशों ने स्वीकार किया कि कुछ दिनों पहले बिधूना थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट और जेब काटने की घटना को उन्होंने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।
