Banda: नौ लाख के जेवरों के साथ 'ईरानी गैंग' का शातिर दबोचा; मंदिर के पीछे गाड़ दिए थे गहने, ऐसे खुला राज
Banda News: कालिंजर पुलिस और एसओजी ने अंतरराज्यीय ईरानी गैंग के सदस्य खानू हुसैन को गिरफ्तार कर नौ लाख रुपये के चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी ने जनवरी में एक सर्राफा दुकान से टप्पेबाजी की थी और जेवर मंदिर के पीछे जमीन में छिपा दिए थे।
विस्तार
बांदा जिले में कालिंजर थाना और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने चोरी, लूट, टप्पेबाजी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय ईरानी गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर लगभग नौ लाख रुपये के चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि बीती पांच जनवरी को कालिंजर कस्बे के सर्राफा व्यापारी ब्रजनंदन ने तहरीर देकर बताया था कि कुछ अज्ञात लोग दुकान पर गहने खरीदने के बहाने आए और बातचीत में उलझाकर काउंटर से सोने के जेवर पार कर ले गए थे। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया।
संदिग्ध खानू हुसैन को पूछताछ के लिए थाना बुलाया
वैज्ञानिक और तकनीकी माध्यमों के साथ ऑपरेशन त्रिनेत्र द्वारा लगाए गए कैमरों से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई। पुलिस ने संदिग्ध खानू हुसैन को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसने अपने अन्य साथियों जुबेर अहमद, तकवीर खान और सरताज अली उर्फ तरु के साथ मिलकर संगठित गिरोह के रूप में काम करना स्वीकार किया।
मंदिर के पीछे जमीन में छिपाया
उसने यह भी बताया कि घटना के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर चोरी किए गए जेवर को कालिंजर से आगे एक मंदिर के पीछे जमीन में छिपा दिया गया था। खानू हुसैन ने पुलिस को बताया कि उनका गिरोह विभिन्न जनपदों और राज्यों में ज्वेलर्स की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता है।
भारी मात्रा में पीली धातु के आभूषण बरामद
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से इस गिरोह के सदस्यों की पहचान की। गिरफ्तार अभियुक्त खानू हुसैन ईरानी शहडोल, मध्य प्रदेश का निवासी है। पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि गिरोह का एक सदस्य जुबेर अहमद वर्तमान में भोपाल पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है। अभियुक्त की निशानदेही पर दुर्गा माता मंदिर के पीछे से भारी मात्रा में पीली धातु के आभूषण बरामद किए गए।
अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं
बरामद आभूषणों में छह मंगलसूत्र लॉकेट, छह मनखी, दो नथ बेसर, सात जोड़ी कान की बाली और अन्य गहने शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग नौ लाख रुपये है। कालिंजर थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरोह के फरार अन्य सदस्यों तकवीर खान और सरताज उर्फ तरु की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।