Jalaun: कुठौंद PHC में बाहर की दवा लिखने का दबाव, डॉक्टर से अभद्रता; पिता-पुत्र समेत चार पर FIR दर्ज
Jalaun News: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद में प्राइवेट मेडिकल स्टोर की दवाएं लिखने का दबाव बनाने और डॉक्टर से अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद में प्राइवेट मेडिकल स्टोर की दवाएं लिखने का दबाव बनाना मेडिकल संचालक और उसके पुत्र को भारी पड़ गया। डॉक्टर द्वारा मना किए जाने पर आरोपियों ने पीएचसी के अंदर घुसकर अभद्रता की, धक्कामुक्की की और इमरजेंसी रजिस्टर फाड़ दिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार तिवारी की तहरीर पर कुठौंद थाना पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में घुसकर की अभद्रता, फाड़ा रजिस्टर
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पीएचसी के पास स्थित 'राधारानी मेडिकल स्टोर' के संचालक और उनका पुत्र अपने दो साथियों के साथ अस्पताल परिसर में दाखिल हुए।
वे डॉक्टर पर अपने मेडिकल स्टोर की दवाएं पर्चे पर लिखने का अनुचित दबाव बनाने लगे। जब डॉक्टर ने इसका विरोध किया और सरकारी नियमों का हवाला दिया, तो आरोपी उग्र हो गए। उन्होंने डॉक्टर के साथ अभद्रता व धक्कामुक्की की और ड्यूटी रूम में रखा इमरजेंसी रजिस्टर फाड़ दिया।
तबादला कराने की धमकी, सरकारी काम में डाली बाधा
आरोपियों ने डॉक्टर को एक सप्ताह के भीतर कुठौंद से तबादला कराने की धमकी भी दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अस्पताल कर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के तुरंत बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने कुठौंद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कुठौंद थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।