Farrukhabad: गिट्टी पर अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मडगार्ड पर बैठे पल्लेदार की दबकर मौत, जांच शुरू
Farrukhabad News: कमालगंज के रोहिला गांव में गिट्टी पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से पल्लेदार की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया। हालांकि, पुलिस ने परिजनों को समझाकर चौराहे से जाम हटवाया।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में आलू भरने जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधवार दोपहर को गांव रोहिला के पास नाला निर्माण के लिए सड़क पर पड़ी गिट्टी पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे एक पल्लेदार की दबकर मौत हो गई और चालक सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया है। घटना से गुस्साए पल्लेदार के परिजन ने कस्बा के मुख्य चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने कुछ ही देर में ही समझाकर जाम खुलवा दिया।
मैनपुरी थाना भोगांव के गांव किरकिच निवासी अभिषेक कठेरिया (19) मोहल्ला कृष्ण बलराम नगर निवासी अपने नाना रामनिवास कठेरिया का ट्रैक्टर चलाता है। बुधवार दोपहर वह गांव कैथन नगला निवासी फार्मासिस्ट चक्र सिंह के खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आलू भरने जा रहा था। उसके साथ ट्रैक्टर के मड गार्ड पर कृष्ण बलराम नगर निवासी पल्लेदार गौतम (19) व मोहल्ला शास्त्री नगर कैथन नगला निवासी धीरू बाथम (20) बैठा था।
गिट्टी पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलटा
चालक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर दौड़ा रहा था। इसी दौरान रोहिला गांव के पास स्थित शनि मंदिर के सामने नाला निर्माण के लिए पड़ी गिट्टी पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलट गया। इससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने धीरू को मृत घोषित कर दिया। घायलों को भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी की। इस बीच मालिक अपना ट्रैक्टर सीधा कर घर लेकर चला गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इससे गुस्साए परिजन सीएचसी से शव लेकर कस्बा के मुख्य चौराहे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में नहीं लिया और न ही कोई कार्रवाई की। कुछ देर में पुलिस ने परिजन को कार्रवाई का भरोसा दिया और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। इससे 20 मिनट ही जाम खुल गया। परिजन शव लेकर पोस्टमार्टम के लिए चले गए। धीरू की मां सत्यवती रो-रोकर बेहाल हो गईं। कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि मामले तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।