Kanpur: बंद कमरे से आई भीषण सड़ांध, फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का सड़ा शव, पति का दावा- रिसीव नहीं हुआ फोन
Kanpur News: गुजैनी के वरुण विहार में नवविवाहिता का तीन दिन पुराना शव फंदे पर लटका मिला है। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विस्तार
कानपुर में गुजैनी थानाक्षेत्र के वरुण विहार में सोमवार शाम नवविवाहिता नीलम साहू (28) का सड़ा शव फंदे पर लटका मिला। पति की फोन कॉल न उठने पर पड़ोसी को भेजा गया, जिसने घर से बदबू आने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया।
परिजन ने पति पर घरेलू कलह में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। बर्रा विश्व बैंक एच ब्लॉक निवासी शुभम साहू ने बताया कि बहन नीलम ने 22 फरवरी 2025 को वरुण विहार निवासी अकाउंटेंट विनय राठौर से प्रेमविवाह किया था।
हत्या करने के बाद फंदे पर शव को लटकाया
बचपन में दोनों साथ पढ़े थे। आरोप लगाया कि विनय बहन को किसी न किसी बात पर प्रताड़ित करता था। शुक्रवार को विनय ने बहन की हत्या करने के बाद फंदे पर शव को लटकाया और कानपुर देहात स्थित सिकंदरा के पैतृक गांव बुधौली में मकान निर्माण कराने की बात कहकर चले गए।
कई बार कॉल की, लेकिन फोन नहीं रिसीव हुआ
दरवाजे के ऊपर इतनी जगह है कि कोई भी आसानी से कमरे में दाखिल हो सकता है। वहीं, हिरासत में लिए गए पति विनय राठौर ने पुलिस को बताया कि शनिवार और रविवार को पत्नी को कई बार कॉल की लेकिन फोन नहीं रिसीव हुआ। इस पर सोमवार को पड़ोसी को घर भेजकर बात कराने के लिए कहा।
पति को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
उसने दरवाजा अंदर से बंद होने की बात कहकर घर से भीषण सड़ांध आने की जानकारी दी। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।