Fatehpur: श्रद्धालुओं से भरी लोडर स्टेयरिंग-ब्रेक फेल होने से पलटी, 12 घायल; छह कानपुर रेफर
Fatehpur News: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के अलियाबाद गांव के पास रविवार को श्रद्धालुओं से भरी लोडर स्टेयरिंग और ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में करीब 12 लोग घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के अलियाबाद गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रतापगढ़ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक लोडर गाड़ी अचानक स्टेयरिंग और ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकराकर पलट गई। गाड़ी में दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसे में करीब 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर रेफर किया गया है।
मनगढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कोरवां गांव निवासी श्रद्धालु रविवार को लोडर गाड़ी में सवार होकर प्रतापगढ़ जिले के मनगढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही लोडर अलियाबाद गांव के पास पहुंची, अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पीपल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अचानक फेल हुई स्टेयरिंग और ब्रेक
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर लोडर में दबे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से करीब 12 घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने सभी को अल्लीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में कोरवां गांव निवासी निशा (19), प्रीति (18), गुड़िया (25), सृष्टि (4), पूनम (26) और उमा देवी (25) की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया है।
मामले में लोडर चालक रामबाबू ने बताया कि गाड़ी करीब 48 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार में थी। अचानक सबसे पहले गाड़ी की स्टेयरिंग फेल हुई, जिससे गाड़ी बाईं ओर कट गई। इसके तुरंत बाद ब्रेक ने भी काम करना बंद कर दिया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया।
प्रशासनिक अमला और विधायक पहुंचे अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, एएसपी ज्ञान प्रकाश राय, सीओ प्रमोद शुक्ला, सीओ प्रयांक जैन, सदर व बिंदकी एसडीएम, राजस्व विभाग की टीम और बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को समुचित व त्वरित इलाज के निर्देश दिए।