UP: सीढ़ियों से गिरी या बेरहमी से काटा? सिर में मिले गहरे घाव, पानी के टब में डूबा था शव, शिक्षिका हत्याकांड
Fatehpur Teacher Murder Case: राधानगर थाना क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में एक निजी विद्यालय की शिक्षिका की शनिवार सुबह धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को पानी भरे टब में औंधे मुंह डुबो दिया गया और साक्ष्य मिटाने के लिए घर की धुलाई की गई। मृतका की मां ने शिक्षिका के पति पर प्रेम प्रसंग के विरोध के चलते हत्या का आरोप लगा है, जिसके आधार पर पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फतेहपुर जिले घर में अकेली निजी विद्यालय की शिक्षिका की शनिवार सुबह धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को औंधे मुंह पानी भरे टब में डुबो दिया गया। महिला जिंदा न बचे इसके लिए हत्यारोपी ने सिर, पीठ और दाहिने पैर पर कई प्रहार किए। इसमें तीन वार सिर के पास किए गए। महिला के बाल भी बिखरे मिले हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम का दावा है कि हत्यारोपी ने वारदात के साक्ष्य मिटाने के लिए पूरे घर की पानी से धुलाई कर दी। साथ ही पानी भरे टब को भी तोड़ दिया गया। वहीं फॉरेंसिक टीम को धारदार हथियार पर भी खून के कोई निशान नहीं मिले हैं।
पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
महिला के परिजन ने दामाद पर प्रेम प्रसंग के विरोध में बेटी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगाया है। इसी आधार पर पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। असोथर थाना क्षेत्र के अंदीपुर निवासी दिलीप यादव बहुआ ब्लॉक के चक अल्लीपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं।
2017 में किया था प्रेम विवाह
दिलीप ने राधानगर थाने के जख्नी निवासी शालिनी (29) से तीन दिसंबर 2017 को प्रेम विवाह किया था। शालिनी शहर के एक बड़े निजी विद्यालय में शिक्षिका थी। दोनों का सात साल का बेटा दर्शित है। करीब एक साल से दिलीप परिवार के साथ शहर के नासिरपीर मोहल्ले में बहन के घर में किराये पर रह रहे हैं।
खून से लथपथ पानी भरे टब में पड़ा था शव
शालिनी के पिता धर्म सिंह जख्नी गांव के पूर्व प्रधान हैं। परिवार के सदस्य शहर के जयरामनगर स्थित मकान में भी रहते हैं। करीब चार दिन से दर्शित ननिहाल जयरामनगर में है। दिलीप ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह वह मॉर्निंग वॉक पर 5:30 बजे गए थे। सुबह 6:30 बजे घर लौटे तो पत्नी का शव खून से लथपथ पानी भरे टब (हवा से फूलने वाले) में उलटा पड़ा था।
सिर के पीछे की ओर तीन गहरे घाव मिले
उसने पत्नी को उठाया, तो टब पलटने से फट गया। पत्नी को जिला अस्पताल ले जाते समय उसने ससुरालीजन को भी कॉल की थी। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को शालिनी के सिर के पीछे की ओर तीन गहरे घाव मिले हैं। दाहिने पैर और पीठ पर भी कट के निशान हैं।
दामाद का एक महिला से अवैध संबंध है
वहीं शालिनी की मां फूलमती ने बताया कि दामाद ने सुबह करीब आठ बजे बेटी के सीढ़ियों से गिरकर पानी भरे टब में गिरने की सूचना दी थी। जिला अस्पताल में उन्हें बेटी मृत मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद का एक महिला से अवैध संबंध है। बेटी इसका विरोध करती थी। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
दिलीप को हिरासत में लिया गया है
इसी विवाद में दामाद ने बेटी की हत्या की है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी ज्ञान प्रकाश राय, सीओ प्रमोद शुक्ला समेत शहर का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस फॉरेंसिक और सर्विलांस के जरिये शिक्षक दंपती के मोबाइल की सीडीआर भी खंगाल रही है। संदेह के आधार पर दिलीप को हिरासत में लिया गया है।
वारदात से उठ रहे सवाल
- शिक्षिका चोटिल होने के बाद पानी में क्यों जाएगी।
- सीढ़ियों से गिरने पर मौके पर खून के धब्बे क्यों नहीं मिले।
- गिरने में सिर पर एक चोट आनी चाहिए, जबकि तीन गहरे घाव मिले हैं।
- दाहिने पैर में कट का घाव कैसे हुआ, गिरने पर रगड़ का निशान होना चाहिए।
- सिर पर चोट पीछे की ओर है ऐसे में पैर पर चोट का निशान कैसे आया।
- घर में लूटपाट के निशान नहीं हैं ऐसे में बाहरी व्यक्ति कौन है ये भी सवाल है।
महिला के परिजन ने मौत की सूचना दी है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शिक्षिका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत कब और कैसे हुई इसकी पुष्टि होगी। परिजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -अभिमन्यु मांगलिक, एसपी