Fatehpur: राहगीरों से अभद्रता रोकने गई पुलिस पर पथराव, एसएसआई समेत चार पुलिसकर्मी लहूलुहान, 14 पर एफआईआर दर्ज
Fatehpur News: बिंदकी में राहगीरों से अभद्रता रोकवाने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव किया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए। हमले में शामिल कौशांबी के सिपाही समेत 13 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में राहगीरों से अभद्रता की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में एसएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने 13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर–मंडराव मार्ग पर बुधवार की देर शाम छोटेलालपुर गांव के कुछ लोग सड़क से गुजर रहे राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द बोल रहे थे।
ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव किया
इसकी सूचना मिलने पर सरकंडी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को ऐसा करने से मना किया। इस दौरान कुछ ग्रामीण चौकी इंचार्ज से उलझ गए और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख चौकी इंचार्ज ने कोतवाल हेमंत मिश्रा को सूचना दी। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आरोपियों में मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार भी शामिल
पथराव की घटना में कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वृंदावन राय, सरकंडी चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह, सिपाही रामप्रकाश और सिपाही रमाकांत घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। हमले के दौरान चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह की वर्दी भी फट गई, जबकि एसएसआई वृंदावन राय के हाथ, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों में गांव का ही रहने वाला मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार भी शामिल है।
13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ के रिपोर्ट
वो वर्तमान में जनपद कौशांबी में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। सरकंडी चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तेजबहादुर, पंकज, मुकेश बीरू, अवनीश और तीन महिलाओं सहित 13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
