Kanpur Dehat: बाजार में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, गाली-गलौज का विरोध करने पर बरसाईं लाठियां, पांच पर FIR
Kanpur Dehat News: गजनेर के निनाया बाजार में गाली देने से मना करने पर दबंगों ने बुजुर्ग चंद्रपाल की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर देहात में गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया गांव की बाजार में गाली देने से मना करने पर कुछ लोगों ने वृद्ध की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में घायल बुधवार को मौत हो गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर निनाया निवासी चंद्रपाल (75) मंगलपुर को शाम छह बजे गांव के बाजार गए थे। यहां एक पक्ष के कुछ लोगों से उनका गाली देने को लेकर विवाद हो गया। पत्नी रामजानकी ने बताया कि गांव के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। गंभीर हालात में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर ले गए। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. सिद्ध गोपाल शर्मा ने उनका उपचार किया।
रात को बिगड़ी हालत, हो गई मौत
चोटें सामान्य बता घर भेज दिया। इधर, बुधवार दोपहर करीब करीब ढाई बजे उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही संतोष, कल्लू, विजय और दो अन्य लोगों ने बाजार में उनके पिता चंद्रपाल को लाठी, डंडों, सरिया व लात-घूंसों से जमकर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। होली त्योहार पर मारपीट कर हत्या करने से हड़कंप मच गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के गैर इरादतन हत्या, मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
