Hamirpur: तालाब में डूबकर भाई-बहन समेत तीन मासूमों की मौत, कपड़े धोने में व्यस्त थी मां, CM योगी ने जताया शोक
Hamirpur News: छानी खुर्द गांव में तालाब में नहाते समय तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मां तालाब के किनारे कपड़े धो रही थी, जब बच्चे गहरे पानी में समा गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में बिवांर थाना क्षेत्र के छानी खुर्द गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पास स्थित तालाब में नहाते समय सगे भाई-बहन समेत तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव निवासी पार्वती पत्नी रमेश धोबी गुरुवार को अपने बच्चों शिवेंद्र (10), रुद्रांश (8) और मांडवी (5) के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर कपड़े धोने गई थीं। बताया गया कि पार्वती तालाब किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि तीनों बच्चे नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान बच्चे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे।
ग्रामीणों ने खोजबीन कर बच्चों को बाहर निकाला
काफी देर तक बच्चों के नजर न आने पर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन कर तीनों बच्चों को बाहर निकाला और आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी बुजुर्ग ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर गांव पहुंचते ही छा गया मातम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। एक ही परिवार के दो बेटों और एक बेटी की मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। परिजनों के विलाप से अस्पताल और गांव का माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
भाई-बहन समेत तीन मासूमों की मौत
मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि छानी खुर्द गांव में मां के साथ तालाब पर गए दो पुत्र और एक पुत्री नहाते समय पानी में डूब गए। ग्रामीणों द्वारा तीनों बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
एक पल में उजड़ गई पार्वती की दुनिया
गुरुवार सुबह तक जिस मां के आंगन में तीन बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, शाम होते-होते वही आंगन सूना हो गया। कपड़े धोने के दौरान हुई चूक ने पार्वती से उसके दो बेटे और एक बेटी छीन लिए। हादसे के बाद गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
सीएम योगी ने जताया शोक, अधिकारियों को दिए मदद के निर्देश
छानी खुर्द गांव में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।