Hamirpur: खेत में नग्नावस्था में मिला महिला का शव, कुत्ते नोच रहे थे शरीर; पुलिस ने दुर्घटना की जताई आशंका
Hamirpur News: मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रामना गांव के पास गुरुवार सुबह खेतों के किनारे एक महिला का नग्नावस्था में शव मिला, जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। पुलिस को महिला के सिर में चोट के निशान और शरीर को घसीटे जाने के संकेत मिले हैं।
विस्तार
हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रामना गांव के पास गुरुवार सुबह खेतों के किनारे एक महिला का नग्नावस्था में शव मिला। राहगीरों ने देखा कि शव को कुत्ते नोंच रहे थे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए कुछ लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई, लेकिन पुलिस इस एंगल पर फिलहाल कोई पुष्टि नहीं कर रही है। थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया महिला के सिर में चोट के निशान मिले हैं और शरीर को घसीटे जाने के संकेत हैं।
महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास
कपड़े इसी वजह से इधर-उधर हुए। प्रथमदृष्टया दुष्कर्म स्पष्ट नहीं होता। यह दुर्घटना भी हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण पता चलेगा। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू किए हैं और आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी मंगाई जा रही है।
एक माह में पांचवीं हत्या
मौदहा कोतवाली क्षेत्र में एक माह के भीतर यह पांचवीं हत्या है। इनमें से तीन मामलों में महिलाओं की हत्या हुई है, जबकि दो मामलों में पुरुषों की हत्या की गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।