Hamirpur: खाना, बिजली-पानी के लिए प्रदर्शन कर रहे नवोदय विद्यालय के दस बच्चे अचेत, पढ़ें पूरा मामला
Hamirpur News: जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र बिजली, पानी और खराब भोजन को लेकर सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन कर रहे दस बच्चे अचेत हो गए।
विस्तार
पंद्रह दिनों से बिजली-पानी व खराब भोजन की समस्या से परेशान जवाहर नवोदय विद्यालय के करीब 100 छात्र उरई मार्ग (स्टेट हाईवे) पर उतर आए। शाम करीब 7.15 बजे छात्रों ने जाम लगा दिया। प्रधानाचार्य के समझाने पर डेढ़ घंटे तक मुख्य गेट पर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान हंगामे में भीड़ और उमस से 10 छात्र-छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को अस्पताल भेजा गया।
उन्हें सीएचसी भेजा गया है। उधर, प्रधानाचार्य के समझाने पर छात्र-छात्राएं नहीं माने, वह अव्यवस्थाओं को लेकर देर रात तक नारेबाजी करते रहे। हंगामे के दौरान छात्र अभय कुमार, साहिल गुप्ता, अरुण कुमार, रोहित कुमार, वैभव कुमार, कुणाल, सचिन कुमार व आनंद कुमार आदि ने बताया कि 15 दिन से बिजली- पानी नहीं मिल रहा है। खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं है। जबकि प्रधानाचार्य अपने एसी कमरे में आराम फरमाते हैं। कमरों में भीषण गर्मी होने से छात्र रात-रात भर मैदान में घूमने को मजबूर हैं। आरोप लगाया कि उनके प्रधानाचार्य निधीश कुमार हैं। उनकी पत्नी रेखा अग्रवाल इसी विद्यालय में वाइस प्रिंसिपल हैं, वह अपनी मनमानी करते हैं।
बताया कि इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। छात्रों ने बताया कि गर्मी में कई छात्र बीमार होते हैं तो बुखार होने पर केवल पैरासिटामोल टैबलेट पकड़ा दी जाती है, यहां मेडिकल की कोई व्यवस्था नहीं है।
उधर, प्रधानाचार्य निधीश कुमार का कहना है कि बिजली की समस्या को लेकर विभाग के एसडीओ, जेई से शिकायत कर चुके हैं। इस दौरान छात्रों ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार भूपेंद्र कुमार व बिजली विभाग के एसडीओ शिवेंद्र के समझाने पर तहसीलदार हाय-हाय के नारे लगाए।
जानकारी मिलने पर विधायक मनीषा अनुरागी भी विद्यालय में पहुंचीं और छात्र-छात्राओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याएं दिखवाई जाएंगी। उन्होंने अस्पताल में भर्ती छात्र-छात्राओं का भी हालचाल लिया। उनकी हालत में सुधार है।