Kannauj: बेकाबू डंपर ने बाइक सवार को रौंदा; युवक की मौके पर मौत, पत्नी को ससुराल छोड़ते वक्त हादसा
Kannauj News: समधन नगर में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरसहायगंज-समधन मार्ग पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। समधन नगर स्थित सिद्दीकी पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर ने आगे चल रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।
दिल्ली में बेकरी में काम करता था युवक
जानकारी के अनुसार, जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली अंतर्गत रजलामऊ निवासी शिवम कुमार राठौर (30) पुत्र रमेश चंद्र राठौर दिल्ली की एक बेकरी में काम करते थे। शिवम बीते शुक्रवार को ही अपनी पत्नी सीमा राठौर को बाइक से समधन के मोहल्ला किदवई नगर स्थित उनके मायके (ससुर राजकुमार राठौर के घर) छोड़ने आए थे।
शनिवार दोपहर करीब पौने बारह बजे शिवम अपनी बाइक से वापस घर लौटने के लिए निकले थे। जैसे ही वह समधन स्थित सिद्दीकी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे गुरसहायगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। डंपर के नीचे आने से शिवम की मौके पर ही सांसें थम गईं।
डंपर जब्त, चालक फरार
दुर्घटना की सूचना मिलते ही समधन चौकी प्रभारी दीपक सिंह और रामाश्रम चौकी प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि भाग रहे डंपर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया है, जबकि चालक मौका देखकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पति की अचानक मौत खबर मिलते ही पत्नी सीमा और ससुराल वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।