Kannauj: तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को रौंदा, एक की मौत और दूसरा गंभीर, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
Kannauj News: सौरिख में वैगनआर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मैनपुरी रोड पर जाम लगाया, जिसे चार थानों की पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में दौलताबाद रोड स्थित राजापुर बंबे के पास मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार वैगनआर कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम नगला समध (राजापुर) निवासी रामकिशोर पुत्र लंकुश ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका भाई रामरतन (19) और अयान (18) पुत्र रईस खान उर्फ गुड्डू मंगलवार देर शाम दौलताबाद रोड पर राजापुर बंबे के पास खड़े थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही वैगनआर कार ने लापरवाहीपूर्वक दोनों को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि रामरतन कार में फंसकर काफी दूर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं अयान उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
करीब एक घंटे बाद खुल सका जाम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सौरिख–मैनपुरी रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर इंदरगढ़, छिबरामऊ, सकरावा व विशुनगढ़ थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतक रामरतन अपने चार भाइयों और दो बहनों में पांचवें नंबर का था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने अज्ञात चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

कमेंट
कमेंट X