Kanpur Accident: तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को रौंदा, दो दोस्तों की कुचलकर मौत, बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
Kanpur News: सचेंडी में तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से किसान परिवार में मातम है। पुलिस टेंपो चालक की तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में बाइक से जा रहे दोस्तों को तेज रफ्तार ड्रमों से लदा टेंपो रौंदते हुए निकल गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना दोनों के घरों पर पहुंची, तो कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सचेंडी के ठाकुर प्रसाद का पुरवा निवासी किसान गौतम सिंह का इकलौता बेटा नीरज सिंह (20) गुरुवार शाम इलाके के दोस्त चेतन सिंह (18) के साथ कैंधा बाजार गया था। दोनों खरीददारी कर घर लौट रहे थे। कैंधा के गज्जापुरवा के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी।
वाहन दोनों को रौंदता हुआ निकल गया
हादसे में दोनों उछल कर सड़क पर जा गिरे, इसके बाद वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। घटना के बाद राहगीरों और इलाकाई लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस को बुलाया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने जेब में मिले मोबाइल से नीरज के घर सूचना दी, इकलौते बेटे की मौत से मां सुषमा बेसुध होकर गिर पड़ीं। किसी तरह परिजनों ने उन्हें संभाला। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टेंपो की तलाश की जा रही है।
पांच माह पहले दिलाई थी बाइक
परिजनों ने बताया कि, नीरज जब से 18 वर्ष का हुआ था तब से वह बाइक दिलाने की जिद करने लगा था। खुद लर्निंग लाइसेंस भी बनवा लिया। करीब 5 माह पहले नई बाइक आई थी। क्या पता था कि यही बाइक उसकी मौत का कारण बन जाएगी। डेढ़ माह बाद 31 जुलाई को उसे 19वां जन्मदिन मनाना था।