Kanpur: ‘परीक्षा में बनीं नजदीकियां बनी मुसीबत’, ITBP जवान पर शोषण का आरोप, पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में सरसौल स्थित आईटीबीपी में तैनात एक सिपाही पर परीक्षा के दौरान हुई जान-पहचान के बाद तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बुधवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराया है, जबकि आरोपी जवान की तलाश और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में मूल रूप से हमीरपुर जिले की रहने वाली एक युवती ने सरसौल स्थित आईटीबीपी में तैनात सिपाही पर तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर सोमवार को महाराजपुर थाने में आरोपी जवान के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
युवती ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात आरोपी आईटीबीपी जवान से एक परीक्षा के दौरान हुई थी। इसके बाद फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कई बार उसे एक होटल में बुलाकर ठहराया और वहां शारीरिक शोषण किया।
होटल पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए
मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को पीड़िता को मेडिकल के लिए सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण मेडिकल नहीं हो सका। बुधवार दोपहर को उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। विवेचना कर रहे महाराजपुर थाना इंस्पेक्टर सुनील वर्मा ने युवती द्वारा बताए गए होटल पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
एक महीने की छुट्टी पर गया है जवान
पुलिस का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। वहीं, आईटीबीपी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जवान अमित सिंह एक महीने की छुट्टी पर गया है और उसे गए हुए करीब दस दिन बीत चुके हैं। फिलहाल उससे फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। विभाग की ओर से उसे तत्काल आमद के लिए एक पत्र जारी किया जा रहा है। उसके बाद विभागीय जांच की जाएगी।