CHC Baby Theft: पत्नी के कहने पर एसडीओ ने रची थी साजिश, एएनएम से कराया था नवजात का अपहरण, अब निलंबन की तैयारी
Kanpur Crime Updates: घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बच्चा चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया है कि मौदहा के एसडीओ आरके वर्मा ने पत्नी की जिद और बेटे की चाहत में एएनएम गीता को पांच लाख रुपये का लालच देकर यह साजिश रची थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में दो बेटियों के बाद पत्नी की ओर से बार-बार बेटे की मांग किए जाने पर एसडीओ ने नवजात के चोरी करने की साजिश रची। एसडीओ ने पूछताछ में बताया कि उसे लगा कि वह सभी को बेटा पैदा होने की बात कह सकेगा। किसी को भी शक न होगा, लेकिन 10 मई की रात बच्चा चोरी के दौरान एएनएम के पकड़े जाने से साजिश विफल हो गई।
अब उनके खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है। एसडीओ ने बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र के अनुवान गांव निवासी और कानपुर देहात के देवीपुर में तैनात एएनएम गीता को पांच लाख रुपये देने का लालच देकर बच्चा चोरी करने के लिए तैयार किया था। 10 मई की रात एएनएम गीता ने घाटमपुर सीएचसी से एक बच्चा चोरी कर लिया और उसे लेकर जाने लगी।
मामले में अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है
तभी अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया था। पुलिस ने एएनएम को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मानव तस्करी और अपहरण का केस दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। पुलिस की विवेचना और एएनएम से पूछताछ में बिजली निगम के एसडीओ का नाम सामने आया था। उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसीपी कृष्ण कांत ने बताया कि मामले में अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एमडी दक्षिणांचल को भेजा गया पत्र
मौदहा एसडीओ आरके वर्मा का निलंबन जल्द हो सकता है। अधीक्षण अभियंता ज्ञान सिंह यादव ने बताया कि एसडीओ के निलंबन के लिए एमडी दक्षिणांचल को पत्र भेजा गया है। कोर्ट के आदेश की प्रति मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभागीय जांच के आदेश नहीं हुए हैं। अधीक्षण अभियंता ज्ञान सिंह यादव ने बताया कि आरके वर्मा करीब 10 महीने से मौदहा में एसडीओ के पद पर तैनात थे।
करीबी बोला, एसडीओ के एक तीन माह का बेटा भी
एसडीओ के करीबी जानकारों का कहना है कि उनकी दो बेटियों और एक तीन माह का बेटा है। हालांकि, नाम और बाकी जानकारी देने से करीबी बचते रहे। उनका कहना है कि वह अपने परिचित के लिए बच्चे की मांग कर रहे थे।