UP: ‘अच्छे रिश्ते’ के नाम पर जालसाजी, क्राइम ब्रांच ने पकड़े तीन फर्जी कॉल सेंटर, 20 युवतियों समेत 26 गिरफ्तार
Kanpur News: कानपुर में शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। किदवई नगर और नौबस्ता में चल रहे कॉल सेंटर से 20 युवतियों समेत 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में क्राइम ब्रांच ने शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का राजफाश किया है। यह गिरोह किदवईनगर और नौबस्ता में कॉल सेंटर चलाकर ठगी का खेल कर रहा था। मंगलवार देर शाम पुलिस ने कॉल सेंटर में दबिश देकर 20 युवतियां और छह युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल सत्यापन, मुलाकात और दहेज की बातें बनाकर रुपये एंठते थे।
सरगना भिलाई का रहने वाला युवक है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नौबस्ता और किदवईनगर क्षेत्र के तीन मकानों में चल रहे कॉल सेंटर में युवतियां छह हजार रुपये वेतन पर कॉलिंग कर रही थीं। यह युवतियां खुद को मैट्रिमोनियल कंपनी की कर्मचारी बताकर लोगों से संपर्क करती थीं। उन्हें अच्छे रिश्ते का भरोसा दिलाती थीं। कई बार एक ही युवती की तस्वीर अलग-अलग लोगों को भेजी जाती थी।
लालच देकर होती थी अतिरिक्त वसूली
रिश्ते की बात आगे बढ़ने पर कॉल सेंटर संचालक विभिन्न शुल्कों के नाम पर रकम जमा कराते थे। कई लोगों को दहेज में स्कूटी, कार दिलाने का लालच देकर अतिरिक्त वसूली होती थी। पुलिस को छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, कंप्यूटर, दस्तावेज और सैकड़ों सिम कार्ड मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने कानपुर के अलावा उन्नाव, फतेहपुर, कानपुर देहात, कन्नौज समेत कई जिलों और अन्य राज्यों के लोगों को भी निशाना बनाया।
मोबाइल, सिम, लैपटॉप, आधार कार्ड बरामद
पुलिस को छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, कंप्यूटर, दस्तावेज और सैकड़ों सिम कार्ड मिले हैं। आशंका है कि इन सिम कार्डों का उपयोग अलग-अलग पहचान बनाकर लोगों को कॉल करने में किया जाता था। क्राइम ब्रांच पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस गिरोह के बैंक खातों, लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पीड़ितों की संख्या में हो सकता है बड़ा खुलासा
सरगना की करीबी बताई जा रही एक महिला की तलाश में भी पुलिस देर रात तक दबिश देती रही। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या में बड़ा खुलासा हो सकता है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कितने समय से इस कारोबार में सक्रिय था और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
पहले भी हुई है शादी के नाम पर ठगी
शादी के नाम पर ठगी का मामला दो साल पहले रतनलालनगर चौकी पहुंचा था। तब गुजैनी के रहने वाले युवक ने बेटे और परिचित की महिला के साथ मिलकर शादी कराने के नाम पर ठगी की थी। आरोपियों ने उनको मोतीझील मैदान में सामूहिक विवाह कराने का झांसा दिया था। आरोपियों ने दहेज में स्कूटी कार दिलाने से लेकर प्लाॅट दिलाने तक का प्रलोभन दिया गया। इसके बाद आरोपी लाखों रुपये बटोरकर भाग निकले थे। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया था। अन्य आरोपी कोर्ट से अग्रिम जमानत पाने में सफल हुए थे।