Kanpur: बारिश के बीच खेतों में पहुंचे DM; देवारा खुर्द में फसलों का लिया जायजा, रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
Kanpur News: जिलाधिकारी गौरांग राठी ने रविवार शाम शुक्लागंज के देवारा खुर्द गांव पहुंचकर बारिश से प्रभावित गेहूं की फसलों का निरीक्षण किया और किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। एसडीएम और नायब तहसीलदार की टीमों ने सरोसी और गंगाघाट के दर्जनों गांवों का सर्वे किया है।
विस्तार
शुक्लागंज में आंधी-बारिश के कारण गेंहू समेत अन्य कई फसलों का नुकसान होने की सूचना के बाद रविवार शाम जिलाधिकारी गौरांग राठी देवारा खुर्द गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्थलीय निरीक्षण करते हुए किसानों से हाल-चाल लेते हुए फसलों के नुकसान के बारे हकीकत जानी। हालांकि किसानों का कहना रहा कि मामूली नुकसान हुआ है, जिसके बाद डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को जहां भी फसलों का नुकसान हुआ है। उसकी एक आंकलन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए है।
डीएम रविवार शाम देवारा खुर्द गांव तहसीलदार यशवंत सिंह, लेखपाल अजय यादव समेत अन्य के साथ यहां पहुंचे। जहां मौजूद किसान उमाशंकर, पियूष कुमार, शंकरलाल, पवन व अमित से मिले और उनसे फसलों के नुकसान के बारे में जानकारी ली। किसानों ने उन्हें बताया कि यदि और बारिश हुईं तो गेंहू की खड़ी व खेतों में कटी पड़ी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो जाएगी। डीएम ने किसानों को धैर्य से काम लेने की बात कही और आश्ववस्त किया कि जिला प्रशासन उनके साथ है।
नुकसान का किया जा रहा है आंकलन
वहीं, सरोसी ब्लाक अंतर्गत आने वाले गांव शंकरपुर, पिंडोखा, पिपरी, लगड़ापुर, लालूपुर, बनी, कंजौरा समेत अन्य गांवों का स्थलीय निरीक्षण करने एसडीएम सदर क्षितिज दुवेदी पहुंचे यहां उन्होंने किसानों से फसलों के बारे में जानकारी की। एसडीएम ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंपी जाएगी। इधर गंगाघाट क्षेत्र के सहजनी, नेहरू बाग, फत्तेखेड़ा, मसवासी समेत आधा दर्जन गांवों का निरीक्षण करने नायब तहसीलदार धीरज त्रिपाठी पहुंचे जिन्होंने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
शाम को फिर बिगड़ा मौसम, चली तेज हवाएं हुईं बारिश
रविवार शाम को एक बार फिर से मौसम ने अचानक करवट ली और काले बादल छाने के साथ ही तेज हवाएं चली। नगरीय क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का हाल बुरा रहा। किसानों का कहना रहा कि यदि यहीं हाल रहा तो खेतों में कटी पड़ी और खड़ी फसले पूरी तरह से नष्ट हो जाएगी। वहीं तेज हवाएं चलने के कारण गंगा बैराज के ट्रांस गंगा सिटी और आजाद मार्ग पर कई छोटे बड़े पेड़ गिर गए। हलांकि कोई जन हानि न होने बात कही गईं।