Kanpur: रिटायर्ड दरोगा के बेटे का 'हिट एंड रन'; बोनट पर फंसाकर युवक को 50 मीटर घसीटा, परिजनों का पुलिस पर आरो
Kanpur News: चकेरी के सजारी में रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने नशे में कार से एक युवक को टक्कर मारकर 50 मीटर तक घसीटा। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज न किए जाने से परिजनों में भारी आक्रोश है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने कार से एक युवक को टक्कर मार दी। फिर उसे बोनट में फंसाकर 50 मीटर तक घसीटते ले गया। इस दौरान आरोपी ने कई और लोगों को कुचलने का प्रयास किया। हादसे में एक युवक का पैर टूट गया। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
परिजनों का आरोप है की घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। सजारी के रामनगर निवासी ध्रुवित पांडेय फेस टू में फास्टफूड का ठेला लगाते है। बीती चार अप्रैल की रात को उनकी दुकान के पास ही एक नशे की हालत में कार चालक कुछ युवकों से विवाद कर रहा था। विवाद के बाद चालक पहले तो कार लेकर जाने लगा। फिर अचानक उसने कार वापस मोड़ दी।
अभी तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई
करीब 70 से 80 की रफ्तार में कार भगाकर युवकों को कुचलने के प्रयास किया। तभी ध्रुवित कार की चपेट में आ गए। चालक करीब 50 मीटर तक कार से ध्रुवित को घसीटता ले गया। इसके बाद भाग निकला। युवक रिटायर्ड दरोगा का बेटा बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जाएगी। वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है।
चार अप्रैल की बताई जा रही घटना
घटना चार अप्रैल की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि पांच दिन बीत जाने के बार भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि वह सनिगवां चौकी से लेकर थाने तक के चक्कर लगाते रहे। घटना का एक 45 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी युवक तेज रफ्तार में कार मोड कर एक युवक को टक्कर मारते हुए उसको नाली में गिरा दिया। वहीं, कई लोगों के आने के बाद में तेज रफ्तार में कार मोड पर फरार हो गया है।
शराब के नशे में धुत था आरोपी
घायल ध्रुमित पांडे के भाई मनीष पांडे का कहना है कि घटना के दिन युवक शराब के नशे में तेज आवाज में गाने बजा रहा था। लगातार कार में हॉर्न भी बजा रहा था। विरोध करने पर उसने पिता के रिटायर्ड दरोगा होने की बात कह कर धमकी भी उसका कोई कुछ नहीं कर सकता है।
निजी अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद परिजन ध्रुमित को लेकर कांशीराम अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे हैलेट हॉस्पिटल रेफर कर कर दिया। परिजनों ने उस रामादेवी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि उसको ठीक होने में छह माह तक का समय लग सकता है।