तिरंगे रंग में रंगा कानपुर: 300 पुलिसकर्मियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सीपी रघुबीर लाल ने दिखाई हरी झंडी
Kanpur News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शुक्रवार को भव्य “तिरंगा यात्रा-2026” और बाइक रैली निकाली गई। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई इस यात्रा में करीब 300 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को पुलिस कमिश्नरेट कानपुर की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा-2026 एवं बाइक रैली निकाली गई। रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई यात्रा को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर राष्ट्रभक्ति के साथ महिला सशक्तीकरण का संदेश भी दिया।
तिरंगा यात्रा रिजर्व पुलिस लाइन से लाल इमली चौराहा, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नानाराव पार्क, वीआईपी रोड और जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए सरसैया घाट चौराहा पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर पुलिसकर्मियों ने तिरंगा लहराकर लोगों को हर घर तिरंगा अभियान-2026 से जुड़ने और अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।
करीब 300 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी हुए शामिल
यात्रा में थाना कोतवाली, महिला थाना, पुलिस लाइन समेत विभिन्न थानों की महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी और मिशन शक्ति टीमों सहित करीब 300 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। पुलिसकर्मियों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की अपील
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि वीर जवानों के बलिदान, देश की एकता-अखंडता और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान-2026 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने की अपील की।