Kanpur: यूट्यूब से सीखी एटीएम हैकिंग, प्लेट और टेप लगाकर उड़ाता था पैसे; लोगों ने रंगे हाथ दबोचा, ऐसे खुला खेल
Kanpur News: कल्याणपुर में एटीएम मशीन में प्लेट लगाकर पैसे चोरी करने वाले सुधीर को जनता ने पकड़कर पुलिस को सौंपा। आरोपी ने यूट्यूब से चोरी का यह तरीका सीखा था और वह सुबह 10 बजे से पहले वारदातों को अंजाम देता था।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास में स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में प्लेट लगाकर पैसे निकालते समय शातिर को युवक ने रंगे हाथ दबोच लिया। शोर मचने पर जुटी भीड़ ने शातिर की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद बाद पुलिस को सौंप दिया। आवास विकास निवासी अध्यापक अमित कुमार यादव, बिल्हौर में तैनात है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को कल्याणपुर पनकी रोड स्थित इंडियन बैंक के एटीएम से पैसा निकालने गए थे।
इस दौरान उन्होंने पैसा निकालने के लिए जैसे ही कार्ड एटीएम में लगाया और पिन कोड डाला, तो उनके फोन में पैसे कटने का मैसेज आया, लेकिन एक हजार रुपये नहीं निकले। इसके बाद वह काफी देर तक जद्दोजहद करते रहे इसके बाद थक हार के वापस चले गए। तकनीकी परेशानी सोचकर वह कुछ देर बाद उसी एटीएम पर वह वापस आए, तो एक युवक प्लेट लगाकर एटीएम से पैसा निकालते दिखा।
ये सामान हुआ बरामद
शक होने पर उन्होंने उसे वहीं पकड़ लिया, तो वह धक्का देकर भागने लगा। इसके बाद शोर मचाने पर भीड़ ने पकड़कर धुनाई कर दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और युवक को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में शातिर ने अपना नाम कानपुर देहात के थाना रूरा के ग्राम बैरी निवासी सुधीर कुमार गौतम बताया। उसके पास से पुलिस को तलाशी लेने पर टेप, फेवीक्विक और चाकू, एक हजार रुपये बरामद हुए हैं।
आरोपी से पूछताछ कर रही है पुलिस
उसने बताया कि यह काम उसके दोस्त विकास ने यूट्यूब के माध्यम से सिखाया था। उसने पहले भी कई जगह पर इस तरह से पैसे निकाले। मंगलवार को भी इसी नियत से कल्याणपुर आया था, लेकिन पकड़ा गया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह ये काम सुबह 10 बजे से पहले कर लेता था। उसके बाद बैंक खुल जाती, तो बैंक की कर्मचारी सीसीटीवी कैमरे में देख लेते थे। कल्याणपुर प्रभारी निरीक्षक ट्रेनी (आईपीएस ) सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द उसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
