Kanpur Suicide: तबियत खराब होने की बात कह सोया, सुबह फंदे पर लटका मिला बीएससी छात्र; जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: कन्नौज निवासी बीएससी छात्र ने कानपुर के कल्याणपुर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात को परिजनों से तबियत खराब होने की बात कहकर सोया था, सुबह दोस्त ने शव लटका देखा।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास में किराए पर रहने वाले बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र ने मंगलवार सुबह फंदा लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची एसीपी और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कन्नौज के ठठिया निवासी शिव सिंह राजमिस्त्री है। परिवार में पत्नी श्यामा देवी इकलौता बेटा प्रांजुल सिंह (25), बेटी काशिश है।
पिता ने पुलिस को बताया कि बेटा करीब दो साल से कल्याणपुर के आवास विकास में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वहीं, से पीपीएन कॉलेज से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात करीब नौ बजे उसने फोन पर सभी से बात की। पिता के अनुसार बेटे ने उनसे बात करने पर बोला था कि वह आज तबियत ठीक नहीं है, सोने जा रहा है।
अंदर से दरवाजा बंद होने की बात बताई
इसके बाद उसने फोन काट दिया। सुबह दो बार उसकी तबियत जानने के लिए कॉल किया, लेकिन उसका फोन नहीं रिसीव हुआ। इसके बाद दूसरे कमरे में रहने वाले बेटे के दोस्त रोहन को कॉल की। बात कराने कि बात कही, तो उसने अंदर से दरवाजा बंद होने की बात बताई। काफी दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने तुरंत खिड़की से झांककर देखा।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में लिया
उसका शव पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था। उसने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी। सूचना मिलते ही एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। एसीपी ने बताया कि मृतक का मोबाइल कब्जे में लिया गया है। घटना के पीछे के कारण परिजन नहीं बता सकते हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
