Kanpur: पनकी स्टेशन पर नौ क्विंटल बदबूदार खोया जब्त; नेपाल से आया 25 लाख का तेल भी पकड़ा, होली तक चलेगा अभियान
Kanpur News: खाद्य विभाग ने पनकी स्टेशन पर छापा मारकर नौ क्विंटल सड़ा हुआ खोया नष्ट किया और सचेंडी से 25 लाख का संदिग्ध तेल सीज किया। कुल 29 लाख से अधिक की कार्रवाई कर मिलावटखोरों में हड़कंप मचा दिया है।
विस्तार
कानपुर में होली को मद्देनजर खाद्य विभाग की ओर से बुधवार को सूचना पर पनकी स्टेशन पर छापा मारा। इस दौरान बदबूदार खोया ले जा रहे मजदूराें ने टीम को देखा, तो वह भाग खड़े हुए। अधिकारियों ने खोआ जब्त कर उसे नष्ट कर दिया। विभाग ने मंगलवार शाम से लेकर बुधवार तक लगभग 29.08 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली कि इटावा–कानपुर पैसेंजर ट्रेन से लाया जा रहा खोया पनकी रेलवे स्टेशन पर उतारा गया।
इस पर अधिकारियों की टीम स्टेशन पहुंची, तो ट्रेन से उतारकर कुछ मजदूर उसे स्टेशन के बाहर ले जा रहे थे। जैसे ही टीम पर मजदूरों की नजर गई, तो वह खोया छोड़कर भाग निकले। आसपास के लोगों से पूछताछ कि गई तो किसी ने भी खोया अपना होने का दावा नहीं किया। खोया की जांच की तो वह गंदे कपड़ों में लिपटा हुआ व उससे दुर्गंध आ रही थी। अधिकारियों ने टेंपो में लादकर पीली कोठी, गोविंदनगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पर ले जाकर लगभग नौ क्विंटल खोया (अनुमानित कीमत 3,42,000 रुपये) को निष्ट कराया।
15,894 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त
साथ ही एक अन्य ई-रिक्शा से ले जाए जा रहे खोए के संबंध जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति की मौजूदगी में दो नमूने जांच को लिए। इसी तरह मंगलवार शाम को सचेंडी स्थित श्री बिहारी जी ट्रेडर्स पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने निरीक्षण किया। अमृत, माया एवं सफारी ब्रांड (नेपाल से आयातित) सोयाबीन तेल भंडारित पाया गया। मौके पर फूड सेफ्टी ऑन व्हील द्वारा जांच कराने पर मिलावट के प्रथम दृष्टया संकेत मिलने पर लगभग 15,894 किलोग्राम खाद्य तेल (अनुमानित कीमत 25,66,000 रुपये) जब्त किया गया।
बेसन समेत ये नमूने लिए
वहीं, तीन नमूने जांच के लिए। कुल मिलाकर लगभग 29.8 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि होली के मद्देनजर खाद्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। उत्तरी तहसील बिल्हौर स्थित बूंदी निर्माण इकाई का निरीक्षण मालिक सुशील कुमार गुप्ता की मौजूदगी में किया। परिसर से 898 किलो ग्राम बेसन को जब्त, रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना, बूंदी, वनस्पति, सूजी के नमूने लिए।
