UP: भारी बारिश से उफान पर मंदाकिनी; चित्रकूट में आरती स्थल डूबा, आरोग्यधाम पुल जलमग्न, दुकानों तक पहुँचा पानी
Chitrakoot News: मध्य प्रदेश में हुई बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का पानी दुकानों तक पहुंच गया है, जबकि आरती स्थल भी जलमग्न हो गया है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश के ऊपरी इलाकों और जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पावन मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी में आए अचानक उफान के कारण चित्रकूट के रामघाट और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। नदी का पानी तटवर्ती घाटों को लांघते हुए दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुँच गया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया है।
आरोग्यधाम पुल के ऊपर से बह रहा पानी
मंदाकिनी नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि प्रसिद्ध रामघाट स्थित आरती स्थल पूरी तरह पानी में डूब गया है। पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण घाट के आसपास लगीं दुकानें पानी की चपेट में आ गई हैं, जिसके चलते दुकानदारों को आनन-फानन में अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा।
वहीं, आरोग्यधाम के समीप मंदाकिनी नदी पर बना निचला पुल (कॉजवे) भी पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर से पानी की तेज धार बहने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर लोगों को पुल के पास जाने से रोक दिया है।
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील
मंदाकिनी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। रामघाट और आसपास के सभी प्रमुख घाटों पर पुलिसकर्मियों व गोताखोरों की तैनाती कर दी गई है।
लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को गहरे पानी में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की लगातार चेतावनी दी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है। यदि मध्य प्रदेश के कैचमेंट एरिया में बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो निचले इलाकों में मुस्तैदी और बढ़ा दी जाएगी।