सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Student Dies After Being Hit by School Bus Friend Hangs Himself Devastated by Companion Death in fatehpur

UP: टक्कर के बाद स्कूल बस में साइकिल समेत फंसा छात्र 70 मीटर घिसटा, मौत की खबर सुन सदमे में फंदे पर लटका दोस्त

अमर उजाला नेटवर्क, फतेहपुर Published by: Sharukh Khan Updated Thu, 09 Apr 2026 03:06 PM IST
विज्ञापन
सार

यूपी के फतेहपुर जिले में टक्कर के बाद स्कूल बस में साइकिल समेत फंसा छात्र 70 मीटर घिसटता रहा। कुछ ही देर में छात्र की मौत हो गई। साथी छात्र की मौत से सदमे में आया दोस्त घर जाकर फंदे से लटक गया।

Student Dies After Being Hit by School Bus Friend Hangs Himself Devastated by Companion Death in fatehpur
हादसे में छात्र की मौत, साथी ने सदमे में की खुदकुशी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार

फतेहपुर के खखरेरू में घर से स्कूल जा रहे छात्र को बुधवार सुबह तेज रफ्तार स्कूल बस ने टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल समेत छात्र बस के नीचे फंस गया और करीब 70 मीटर तक घिसटता चला गया। एक बाइक सवार ने बस के नीचे छात्र के फंसे होने की बात चालक से कही तो चालक ने उसे भी टक्कर मार दी। 
Trending Videos


छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों ने चार घंटे तक चालक को पकड़ने की मांग को लेकर हंगामा किया। चालक के पकड़े जाने और मुआवजे के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन


थाना क्षेत्र के बैरी गांव निवासी शंकरलाल का पुत्र आयुष कुमार (13) कस्बा स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर में कक्षा आठ का छात्र था। वह सुबह करीब 7:30 बजे साइकिल से स्कूल जा रहा था। खखरेरू-दामपुर मार्ग पर चकिया बैरी स्थित पॉलिक्लीनिक के सामने छात्रों को लेकर जा रही तेज रफ्तार बस ने छात्र की साइकिल में टक्कर मार दी। छात्र की साइकिल बस में फंस गई।

इस दौरान बाइक सवार बरयैपुर गांव के शालू यादव (21) ने चालक को बस रोकने का इशारा किया। चालक ने बाइक सवार को ही टक्कर मार दी। हादसे में आयुष की मौत हो गई और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बाइक सवार को प्रयागराज ले गए। हादसे की खबर पर पिता, मां आराधना, बहन चेतना, अंजलि व ग्रामीण पहुंचे।

 

मौके पर हंगामे की सूचना पर सीओ खागा दुर्गेशदीप, तहसीलदार अशोक कुमार, आरआई कृष्ण चंद्र सिंह, एआरटीओ प्रतीक मिश्रा पहुंचे। पुलिस की जांच में पता लगा कि स्कूल बस साधुशरण सिंह इंटर कॉलेज की है। पुलिस ने स्कूल संचालक से संपर्क किया। करीब चार घंटे बाद धाता क्षेत्र से पुलिस चालक को पकड़ लाई।

 

दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों को प्रशासन ने चालक की गिरफ्तारी होने व परिवार को उचित मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हादसे की प्राथमिकी दर्ज कर चालक को पकड़ा गया है। 

 

हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। हंगामे के दौरान दूसरे मार्ग से वाहन निकाले गए। इसी वजह से जाम नहीं लग सका। एआरटीओ ने बताया कि वाहन के सारे कागजात सही हैं। हादसा चालक की लापरवाही से हुआ है।
 

बच्चों में मची अफरातफरी, बैग छोड़कर भागे
हादसे के बाद स्कूल बस के बच्चों के अफरातफरी फैल गई। आसपास के लोगों के मुताबिक बस में 25 बच्चे सवार थे। बच्चे आसपास गांव के थे। हादसे के बाद बच्चे घबरा गए और अपना स्कूल बैग, पानी की बोतल व अन्य सामान छोड़कर घर की ओर भागे।
 

हादसे में परिवार का बुझा इकलौता चिराग
स्कूल बस चालक की लापरवाही की वजह से शंकरलाल के परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया। आयुष अपने पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं। इकलौती संतान की हादसे में मौत से परिवार का हाल बेहाल हो गया। बहनों की चीत्कार गूंजती रही।
 

साथी की मौत के सदमे में दोस्त फंदे से लटका
स्कूल बस की चपेट में आने से दोस्त की मौत के बाद उसके साथी ने घर पहुंचकर खुदकुशी कर ली। परिजन ने पुलिस को शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया।

थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो गांधी नगर निवासी शुतुब अली का पुत्र हमजा मंसूरी (13) भी सरस्वती ज्ञान मंदिर विद्यालय रावण मैदान में कक्षा आठ का छात्र था। करीबी मित्र आयुष कुमार की मौत की खबर पर हमजा अन्य दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा। मौके पर कुछ देर रुकने के बाद हमजा घर चला गया।

 

वह घर की पहली मंजिल पर कमरे में पहुंचा और पंखे के हुक से दुपट्टा के फंदे से लटक गया। कुछ देर बाद परिजन कमरे पहुंचे। उसे फंदा काटकर नीचे उतारा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। परिजन ने बताया कि वह घर आने के बाद किसी से कुछ नहीं बोला और सीधे कमरे में पहुंचा था। 

 

हमजा पांच बहनें और दो भाई में छोटा था। पिता कस्बे में किराना स्टोर चलाते हैं। दोस्तों ने बताया कि हमजा और आयुष में गहरी मित्रता थी। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजन ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed