कन्नौज नवोदय हंगामा: 'खराब खाना और अभद्र भाषा', कुक और शिक्षक पर कार्रवाई की मांग, DM बोले- सामने आईं कमियां
Kannauj Navodaya Vidyalaya Strike: अनौगी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में खराब भोजन, पेयजल संकट और प्रधानाचार्य द्वारा देशभक्ति के नारों पर रोक लगाने के विरोध में 10वीं से 12वीं तक के 95 छात्रों ने हॉस्टल में खुद को बंद कर भूख हड़ताल शुरू कर दी। देर शाम डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के आश्वासन और मैस में उनके साथ भोजन करने के बाद छात्रों ने हड़ताल समाप्त कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कन्नौज जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज 10वीं से 12वीं तक के 95 छात्रों ने गुरुवार को हॉस्टल में खुद को बंद कर लिया और भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों के भूख हड़ताल करने की जानकारी पर एसडीएम सदर, डीआईओएस, सीओ सिटी विद्यालय पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
प्रधानाचार्य को हटाने और अव्यवस्थाओं को दूर कराने के लिए डीएम से बात करने पर अड़े रहे। अनौगी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह से लेकर 12वीं तक 550 छात्र अध्ययनरत हैं। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बने हुए हैं।
हॉस्टल बंद कर भूख हड़ताल शुरू कर दी
गुरुवार सुबह 10वीं से 12वीं तक के छात्रों नाश्ता लेने से इन्कार कर दिया और 95 छात्रों ने एकत्र होकर हॉस्टल बंद कर भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों के भूख हड़ताल करने की जानकारी प्रशासन तक पहुंची और डीआईओएस पप्पू सरोज, एसडीएम वैभव गुप्ता, सीओ सिटी शिल्पा वर्मा समेत नायब तहसीलदार नमन व राकेश कुशवाहा विद्यालय पहुंचे।
कई छात्रों को भोजन नहीं मिला
उन्होंने आधे घंटे तक छात्रों से बात की, जिसके बाद छात्रों ने बताया कि भोजन में कच्चे चावल दिए जाते हैं। साथ ही बुधवार को भोजन कम पड़ गया था, जिस कारण कई छात्रों को भोजन नहीं मिला। इसके अलावा प्रधानाचार्य पर आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाने पर प्रधानाचार्य नाराज हो गए।
छात्रों की डीएम से मोबाइल से बात कराई
साथ ही, छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा तैयार करने की व्यवस्था बहुत ही खराब है। शुद्ध पेयजल की समस्या है। खेल मैदान व सुविधाएं नहीं हैं। छात्रों ने प्रधानाचार्य पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। अधिकारियों के समझाने के बाद भी छात्रों ने प्रधानाचार्य को हटाने और अव्यवस्थाओं को दूर कराने और डीएम को बुलाने की मांग की। एसडीएम ने छात्रों की डीएम से मोबाइल से बात कराई और उन्होंने छात्रों को समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया और 16 अगस्त को विद्यालय आकर समस्याएं सुनने की बात कही।
भारत माता की जय के नारे लगाने पर दो मिनट का रखवाया मौन
छात्रों ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए बुधवार को भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाने वाले प्रधानाचार्य नाराज हो गए और नारे लगाने वाले छात्रों के लिए दो मिनट का मौन रखवाया। सुबह प्रार्थना से पहले अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। छात्रों से कहते हैं कि नाली के कीड़े हो, नाली में ही रह जाओगे। मेस में खाने की बेहतर व्यवस्था नहीं है।
मेस के हेड कुक और सामाजिक विषय के शिक्षक पर कार्रवाई की मांग
छात्रों ने प्रधानाचार्य को हटाने के साथ ही मेस के हेड कुक व सामाजिक विषय के शिक्षक पर भी कार्रवाई की मांग की है। छात्रों ने समस्याओं का समाधान जल्द कराए जाने की बात कही है।
डीएम के आश्वासन पर गतिरोध खत्म
देर शाम डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एडीएम देवेंद्र सिंह नवोदय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बात की और उनकी मांगों को ध्यान से सुना। डीएम ने आश्वासन दिया कि प्रधानाचार्य के तबादले के लिए नवोदय विद्यालय समिति को पत्र लिखा जाएगा। विद्यालय में भोजन व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।
डीएम ने भी उनके साथ भोजन किया
इसके लिए सदर एसडीएम वैभव गुप्ता को निर्देश दिए कि वह औचक निरीक्षण कर विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता चेक करें और उसकी रिपोर्ट दें। डीएम के आश्वासन पर गतिरोध खत्म हुआ और सभी बच्चे खाना खाने मैस में गए। डीएम ने भी उनके साथ भोजन किया। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कई कमियां सामने आईं हैं, जिनकी जांच कराई जाएगी।
प्रार्थना सभा के बाद कुछ अभिभावकों से वह बात कर रहे थे, उसी समय कुछ बच्चे हूटिंग करने लगे और जोर जोर से नारे लगाने लगे थे। उस समय बच्चों को डांट कर शांत करा दिया था। इस घटना को बच्चों ने अफसरों के सामने गलत रूप में पेश किया। वंदे मातरम् और भारत माता की जय से उनका कोई विरोध नहीं है। -संदेश पांडेय, प्रधानाचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय