कासगंज में खूनी विवाद: जमीन के विवाद में फायरिंग और पथराव, 15 घायल, गंभीर हालत में आठ हुए रेफर
नगला ढक गांव में रविवार को प्लॉट विवाद हिंसक हो गया। दो पक्षों में लाठी-डंडे, पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है
विस्तार
पटियाली के नगला ढक गांव में रविवार दोपहर प्लॉट के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों की ओर से पथराव और फायरिंग में 15 लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में आठ घायलों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर एसपी ओपी सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के नगला धाता निवासी प्रेम प्रताप सिंह का नगला ढक गांव में एक प्लॉट है। रविवार शाम इसी प्लॉट के लिए उनकी नगला ढक निवासी रमेश यादव से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट पथराव व फायरिंग शुरू हो गई।
रमेश पक्ष का आरोप है कि प्रेम प्रताप सिंह ने अपने प्लॉट को उनकी जमीन में तरफ बढ़ा लिया है। सूचना पर यूपी-112 और पटियाली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पटियाली पहुंचाया। जानकारी मिलने पर एसपी ओपी सिंह, सीओ अमित कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर गुलाब सिंह भी भारी पुलिस के साथ माैके पर पहुंच गए।
दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी की हालत खतरे से बाहर है। मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - ओपी सिंह, एसपी
ये हुए घायल
घायलों में यादव पक्ष के रमेश (50), शैलेंद्र (35), नीरेश (40), प्रियांशु (25), आदेश कुमार (20), अमित (20), पिंटू (30), संतोष कुमारी (45) और रेखा (40) शामिल हैं। वहीं, ठाकुर पक्ष के प्रेम प्रताप (29), हीर प्रताप (20), अखंड प्रताप उर्फ अक्षय प्रताप (36), अमन चौहान (26), रोहित (18) और अश्वनी कुमार (67) घायल हुए हैं। ठाकुर पक्ष के प्रेम प्रताप, हीर प्रताप, अखंड प्रताप और अमन चौहान तथा यादव पक्ष के शैलेंद्र, प्रियांशु, रमेश और नीरेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।