Lakhimpur Kheri: गोला गोकर्णनाथ के शिव मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, उमस के कारण कई श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ी
गोला गोकर्णनाथ में सावन माह के दूसरे सोमवार से पहले रविवार को प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इससे हालात बेकाबू हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए। उमस भरी गर्मी के कारण कई श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार दोपहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ देर के लिए हालात बेकाबू हो गए। पुलिस प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उमस भरी गर्मी के कारण कुछ श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ गई।
मंदिर के गर्भ गृह की डेढ़ घंटे की सफाई के दौरान जलाभिषेक रुका रहा। इस दौरान दर्शन दीर्घा में श्रद्धालुओं का दबाव लगातार बढ़ता गया। उमस भरी गर्मी के कारण कई श्रद्धालु परेशान होकर बैरिकेडिंग लांघने लगे। उनके साथ के अन्य सदस्य चीख पुकार मचाने लगे। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए।
एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ महक शर्मा और ईओ मुकेश कुमार मिश्र ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने मंदिर कमेटी से वार्ताकर दोपहर 2:20 बजे गर्भ गृह के द्वारों पर अरघे लगवाकर जलाभिषेक शुरू कराया। भीड़ कम होने और स्थिति सामान्य होने पर 3:30 बजे अरघे हटाए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं को गर्भ गृह के अंदर जाकर सीधे जलाभिषेक करने की अनुमति दी गई।
उमस भरी गर्मी में बिगड़े हालात
गर्मी और भीड़ के दबाव से कई श्रद्धालुओं की हालत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल सावन मेला के चिकित्सा कैंप में भेजा गया। वहां उन्हें त्वरित उपचार दिया गया। उधर, मंदिर परिसर में सीओ महक शर्मा ने स्वयं कुर्सी पर चढ़कर भीड़ को नियंत्रित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश भी दिए।
सोमवार के लिए पुख्ता तैयारी
एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को करीब 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए होंगे। उन्होंने कहा कि दोपहर में गर्भ गृह की साफ-सफाई के दौरान भीड़ बढ़ गई थी। दूसरे सोमवार की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी ड्यूटी पॉइंट पर अधिकारी तैनात हैं।