Lakhimpur Kheri: मासूम बच्चे की जान लेने वाला तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
लखीमपुर खीरी के उत्तर वन रेंज की बैरिया बीट क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। इस तेंदुए ने आठ साल के बच्चे को मार डाला था। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के लिए अभियान चला रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पढ़ुआ थाना क्षेत्र के उत्तर वन रेंज की बैरिया बीट स्थित बाबागंज गांव में आठ वर्षीय बालक गोलू की जान लेने वाला तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को बाबागंज निवासी बुद्धा का आठ वर्षीय पुत्र गोलू डंडूरी गुरुद्वारे के पास खेतों में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों के विरोध पर वन विभाग ने घटनास्थल के आसपास दो पिंजरे लगाए थे और लगातार निगरानी की जा रही थी।
रविवार को तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा उपायों के बीच तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए राहत व्यक्त की।
जंगल में छोड़ा जाएगा तेंदुआ
उत्तर वन रेंज बेलराया के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बालक पर हमला करने वाले तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कर नियमानुसार उसे वन्यजीव संरक्षण केंद्र अथवा सुरक्षित वन क्षेत्र में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से वन क्षेत्र के आसपास सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की।