UP: संदिग्ध हालात में किशोर की मौत, घर से बनियान-पैंट पहनकर निकला था, सलवार-सूट में मिला शव
लखीमपुर खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र में 17 साल के किशोर का शव खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि किशोर बनियान और पैंट पहनकर घर से निकला था, लेकिन उसका शव सलवार-सूट में मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र के भौव्वापुर निवासी 17 वर्षीय संजीत उर्फ सुंदरी का शव रविवार दोपहर गांव रामनगर लहबड़ी में समीउद्दीन के खेत में पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, संजीत 31 जुलाई को गांव की दो युवतियों के साथ अपनी चचेरी बहन के घर रामनगर लहबड़ी गया था। वहां से चचेरी बहन ने इसकी सूचना उसके पिता सूबेदार को दी। परिजनों के पहुंचने की भनक लगने पर संजीत वहां से चला गया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। रविवार दोपहर समीउद्दीन के खेत में उसका शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने गांव के ही दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
परिजनों का दावा है कि संजीत घर से बनियान और पैंट पहनकर निकला था, जबकि उसका शव सलवार-सूट में मिला। मृतक की मां सुनीता ने बताया कि शुक्रवार को एक लड़की उसे बुलाने आई थी। उससे बात करने के बाद संजीत उसके साथ चला गया और शाम तक घर नहीं लौटा। उनका आरोप है कि गांव की लड़कियों ने ही उसे सलवार-सूट पहनाया।
बहन ने बताई ये बातें
मृतक की बहन मोनिका ने बताया कि शुक्रवार को वह संजीत को घर लेकर आई थी। उसके साथ दो लड़कियां भी थीं। संजीत पूरी रात घर पर रुका, लेकिन उसने कोई बात नहीं बताई। शनिवार दोपहर वह उसे अपने साथ खेत लेकर पहुंची, जहां से परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने से पहले ही संजीत वहां से भाग गया। उधर, गांव की एक लड़की का कहना है कि वह अपने मामा के घर रामनगर लहबड़ी गई थी, जहां से संजीत उसे लेने पहुंचा था।
पिता सूबेदार की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों, संबंधित पक्ष के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।