चाचा बने हैवान: जमीनी विवाद में चाचाओं पर भतीजे का गला रेतने का आरोप, मां पर भी जानलेवा हमले का आरोप
जमीनी विवाद के चलते दो चाचाओं ने आठ वर्षीय भतीजे रवि की गला रेतकर हत्या कर दी। उन्होंने मां पर भी हमला किया। पुलिस जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी कोतवाली की झंडी चौकी क्षेत्र के तारानगर गांव में जमीनी विवाद को लेकर रिश्तों का खून होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के दो चाचाओं ने घर में सो रहे आठ वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। विरोध करने पर उसकी मां पर भी जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
तारानगर गांव निवासी ज्ञानदेवी पत्नी रामप्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार तड़के वह अपने आठ वर्षीय पुत्र रवि के साथ घर में मच्छरदानी लगाकर सो रही थीं। आरोप है कि गांव के ही सियाराम और हरेराम पुत्रगण रामेश्वर, जो रिश्ते में उनके देवर लगते हैं, घर में घुस आए। दोनों ने पहले उन पर धारदार हथियार से हमला कर गला रेतने का प्रयास किया। जब वह हमले से बच गईं तो आरोपियों ने पास में सो रहे पुत्र रवि पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना पर झंडी चौकी प्रभारी राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला तथा बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन ले गए। वहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल ज्ञानदेवी का उपचार कराया गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा जमीनी विवाद है।
पुलिस ने ज्ञानदेवी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अवधराज सिंह सेंगर ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।