इश्क में मिली 'मौत': प्रेमी जोड़ा करना चाहता था शादी, लड़की के परिजनों ने पुलिस से की शिकायत, लड़के ने दी जान
निघासन में प्रेम प्रसंग से आहत 18 वर्षीय विनीत ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस पर समझौते के लिए 40 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के निघासन कोतवाली क्षेत्र के अशोकनगर वार्ड प्रीतमपुरवा में रविवार शाम प्रेम प्रसंग से आहत एक 18 वर्षीय युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। अशोकनगर वार्ड निवासी बलराम मौर्य का पुत्र विनीत (18) का शव गांव के उत्तर दिशा स्थित केले के खेत की मेड़ पर खड़े मेल्हौर के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला।
ग्रामीणों ने शव देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। मृतक के पिता बलराम मौर्य ने बताया कि विनीत का नौरंगाबाद गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। परिजनों के अनुसार, इसी तनाव में युवती ने कुछ दिन पहले जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसका इलाज एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। इस मामले में बीते सप्ताह सिंगाही थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था।
परिवार का आरोप है कि इसके बाद युवती के परिजनों ने निघासन कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। रविवार को पुलिसकर्मियों के बुलावे पर वह अपने पुत्र के साथ कोतवाली पहुंचे थे, जहां शाम तक फैसला होने की बात कही गई। परिजनों का कहना है कि इसी बात से मानसिक रूप से आहत होकर विनीत ने आत्मघाती कदम उठा लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, विनीत कस्बे की एक मोटर साइकिल एजेंसी में काम करता था।
उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घर पहुंच गए। उधर, समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का आरोप: समझौते के नाम पर सिंगाही पुलिस ने मांगे थे रुपये
मृतक के पिता बलराम मौर्य ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि प्रेम प्रसंग के मामले में युवती के पिता की तहरीर पर सिंगाही थाने में समझौते की प्रक्रिया चल रही थी। उनका आरोप है कि थाने के एक दीवान ने सुलह-समझौते के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की थी। बलराम के अनुसार, उनके पास 40 हजार रुपये ही थे, जिसके बाद 40 हजार रुपये लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। हालांकि, इस आरोप की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।