कुलपहाड़ (महोबा)। तहसील कुलपहाड़ में शनिवार को डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ जुटी। भूमि पर पैमाइश और अवैध कब्जा से संबंधित शिकायतें सर्वाधिक रहीं। 70 शिकायतों में महज एक का मौके पर निस्तारण किया गया।
ब्लॉक जैतपुर के ठठेवरा गांव निवासी जगदीश ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि वर्ष 2022 में उसने ग्राम पंचायत को भूसे की आपूर्ति की थी। इसमें पंचायत सचिव ने एक लाख रुपये का भुगतान कर दिया था और शेष 50 हजार रुपये बाकी है। वह पिछले चार साल से इस 50 हजार रुपये के भुगतान के लिए ग्राम पंचायत से लेकर समाधान दिवस तक दौड़ लगा रहा है लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। कुलपहाड़ निवासी पवन यादव ने बताया कि उसने एसबीआई के एटीएम से चार हजार रुपये निकाले थे जो उसके खाते से कट गए थे लेकिन एटीएम से रुपये प्राप्त नहीं हुए।
वह बैंक में चार बार और समाधान दिवस में तीन बार शिकायत कर चुका है लेकिन समाधान नहीं हुआ। शिकायतकर्ता कुलपहाड़ निवासी रामकिशोर, मुन्ना, किशुन प्रसाद आदि ने जमीन की पैमाइश कराने, सुनील कुमार राय ने पनवाड़ी के चक मार्ग की पैमाइश कराने, इटौरा निवासी अरविंद ने मुख्य रास्ते सीसी रोड से कब्जा हटाए जाने, भगत सिंह, बृजेंद्र राजपूत ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने व जैलवारा निवासी बरकत ने कब्रिस्तान की जमीन से कब्जा हटाए जाने की शिकायत की। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सुखबीर सिंह, अपर एसपी वंदना सिंह, सीडीओ बलराम कुमार, एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, तहसीलदार प्रमित सचान, नायब तहसीलदार अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।