मऊ। नगर के इमिलिया स्थित वेदांत क्रिकेट क्लब, मऊ के मैदान पर रविवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, मऊ और जल निगम विभाग, गाजीपुर के बीच एक टी-20 मुकाबला खेला गया। इस मैच में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, मऊ की टीम ने जल निगम विभाग, गाजीपुर की टीम को 10 विकेट से शिकस्त दी।
मैच में ग्रामीण बैंक, मऊ ने टॉस जीतकर गाजीपुर से आई मेहमान टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मऊ के कप्तान का यह निर्णय सही साबित हुआ और उनके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते रहे, जिसके चलते जल निगम विभाग, गाजीपुर की टीम 18.1 ओवर में 148 रन पर ही सिमट गई। गाजीपुर की तरफ से सुनील कुमार ने 39 रन, अभीशिव ने 31 रन, सुजीत सिंह ने 13 रन और गणेश शंकर ने 15 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका। वहीं, मऊ के गेंदबाजों में आंचल, रूपेश पांडेय और सुनील निगम को 2-2 विकेट मिले, जबकि आशुतोष राय, सत्यम और धनंजय शर्मा ने 1-1 विकेट झटका।149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सलामी जोड़ी (ओपनर्स) ने मैच को एकतरफा कर दिया। उन्होंने अन्य बल्लेबाजों को क्रीज पर आने का मौका ही नहीं दिया। दोनों छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए दीपू सिंह ने नाबाद 53 रन और अंकित गुप्ता ने नाबाद 72 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को 10 विकेट से शानदार जीत दिला दी। इन दोनों बल्लेबाजों ने अपनी पारियों में कुल 13 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने गाजीपुर के सभी गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया और बिना कोई विकेट खोए मैच अपने नाम कर लिया।शानदार बल्लेबाजी के लिए अंकित गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने नाबाद 72 रन बनाए। मैच में अंपायर की भूमिका शेखर सरोज और कौशल यादव ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य अश्वनी मौर्य ने किया।