UP News: दबंगों का दुस्साहस, युवक को बेरहमी से पीटा, कपड़े उतरवाकर गांव में घुमाया; आरोपियों को तलाश रही पुलिस
Mau News: मऊ जिले में दबंगों ने गमछे से मुंह बांधकर युवक को बाइक से गांव ले जाकर पीटा। इतना ही नहीं कपड़ा उतारकर दो घंटे तक गांव में घुमाया। मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
विस्तार
मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार में बीते दिनों शुक्रवार और शनिवार को सरेराह सरायलखंसी थाना के बड़ागांव निवासी कृष्णा से मारपीट के मामले में पुलिस ने बुधवार को कसारी गांव निवासी प्रशांत राय, अंकित राय, आनंद राय, रितेश राय, अनुराग उपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी रही।
दर्ज मुकदमे के अनुसार बड़ागांव निवासी कृष्णा बीते 27 मार्च को खुरहट बाजार में आयोजित मेले में गया था। उसी दौरान आगे जा रहे आनंद राय की बाइक का अचानक ब्रेक लगने से उसकी गाड़ी टकरा गई। सरेराह भीड़ के सामने आनंद राय ने अपने हेलमेट से कृष्णा पर हमला कर दिया। लोगों के बीच बचाव के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
इसे भी पढ़ें; Sonbhadra News: फर्जी फर्म बनाकर सरकारी राजस्व को 70 लाख की लगाई चपत, एसआईटी ने जालसाज को किया गिरफ्तार
घटना के दूसरे दिन कृष्णा अपने ससुराल थाना क्षेत्र के धर्मसीपुर ससुराल जा रहा था। ससुराल से कुछ दूर पहले नहर के पास प्रशांत उर्फ नितेश, अंकित, आनंद, रितेश व अनुराग निवासी ग्राम कसारी योजनाबद्ध तरीके से जबरदस्ती पकड़ कर गमछे से मुंह बांधकर बाइक से उसे गांव में ले गए। वहां लात- घूसे से मारा पीटा। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद कपड़ा शरीर से उतरवाकर गांव में घुमाया। जूता व चप्पल सिर पर रखवाकर बेल्ट से मारा और जान से मारने की धमकी दी। दो घंटे बाद उसे तमसा नदी के पास छोड़कर भाग गए। किसी तरह कृष्णा ने घर पहुंचकर आपबीती बताई। इसके बाद निजी अस्पताल में भर्ती कर उसका उपचार किया गया।
दबिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद कसारी गांव में दबिश दी। घर पर लगे सीसीटीवी की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें घर पर पहुंची पुलिस जब सीसीटीवी देखकर उसका दिशा बदल दे रही है। आरोपी को घर से बाहर बुलाने के लिए आवाज लगा रही है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले इसे पुलिस की दबंगई बता रहे हैं।
क्या बोली पुलिस
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है। -प्रमोद कुमार, थानाध्यक्ष रानीपुर