पीठासीन अधिकारी से मारपीट का मामला : भाजपा नेता संगीत सोम पर बढ़ाई लूट की धारा, ये था पूरा मामला
थानाध्यक्ष की तरफ से विधायक पर एफआईआर दर्ज की गई है। पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट और सीसीटीवी कैमरे तोड़कर ले जाने का आरोप है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरधना विधानसभा क्षेत्र के सलावा में मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी को थप्पड़ मारने के मामले में भाजपा प्रत्याशी और विधायक संगीत सोम पर लूट की धारा भी बढ़ाई गई है। आरोप है कि विधायक ने पीठासीन अधिकारी को थप्पड़ मारा और वेबकास्टिंग के लिए बूथ पर लगे कैमरे भी लूटकर ले गए। इस मामले में चुनाव आयोग भी संज्ञान ले सकता है, पीड़ित पीठासीन अधिकारी के भी बयान दर्ज होंगे।
सलावा में बूथ नंबर-131 पर बुरुवार को मतदान के दौरान कुछ लोगों ने दलितों को वोट डालने से रोकने की कोशिश की। इसे लेकर हंगामा हो गया। दिन में ही करीब 2:30 बजे संगीत सोम सलावा गांव में पहुंच गए। वहां मतदान करने वालों की लंबी लाइन लगी थी, इस पर भाजपा प्रत्याशी संगीत सोम पीठासीन अधिकारी अश्वनी कुमार पर भड़क गए। आरोप है कि संगीत सोम ने पीठासीन अधिकारी को थप्पड़ मारे। बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर विधायक संगीत सोम ले गए।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2022: ईवीएम में कैद हुई सात विधानसभा सीटों के 80 प्रत्याशियों की हार-जीत, पढ़ें, मेरठ से मुकाबले के ताजा आंकड़े और समीकरण
पीठासीन ने दी सूचना तो दर्ज हुआ मामला
पीठासीन अधिकारी अश्वनी कुमार ने यह पूरी जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों को दी। इसके चलते सरधना थाना प्रभारी की ओर से संगीत सोम और उनके समर्थकों पर पीठासीन अधिकारी से मारपीट का मामला दर्ज हुआ और अब तोड़फोड़ और लूट की धारा भी बढ़ाई गई है। यह मामला चुनाव आयोग तक पहुंच गया। मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी को भाजपा प्रत्याशी द्वारा पीटना, कैमरा को तोड़कर ले जाने पर चुनाव आयोग भी संज्ञान ले सकता है।
अतिसंवेदनशील मतदान बूथ था सलावा
सलावा गांव में मतदान के दौरान उन्माद हो सकता है। इसका इनपुट पुलिस प्रशासन के पास पहले से ही था। पुलिस ने सलावा गांव के मतदान बूथ को अतिसंवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाया था। यहां बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। इसके बावजूद भी यहां विवाद हो गया है।
पीठासीन अधिकारी के लिए जाएंगे बयान
यह मुकदमा भले ही थाना प्रभारी सरधना की ओर से लिखा हो, लेकिन पीड़ित पीठासीन अधिकारी के बयान बहुत जरूरी है। उसके बाद ही केस मजबूत होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि पीठासीन अधिकारी व बूथ पर तैनात पुलिस फोर्स व अन्य कर्मचारी से जानकारी घटनास्थल की ली गई थी। जांच पड़ताल करने के बाद मुकदमा लिखा गया।
थानाध्यक्ष की तरफ से विधायक पर एफआईआर दर्ज की गई है। पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट और सीसीटीवी कैमरे तोड़कर ले जाने का आरोप है। - एससपी प्रभाकर चौधरी
भाजपा और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ब्रह्मपुरी में केस दर्ज
भाजपा और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ब्रह्मपुरी पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना क्षेत्र में भाजपाइयों और कांग्रेसियों के बीच कई जगह भिड़ंत हो गई थी। जेएमजे स्कूल के पास पथराव भी हुआ था। पुलिस ने कुछ वीडियो और फुटेज भी कब्जे में ली है।
जेएमजे स्कूल के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के बीच मारपीट और पथराव हो गया था। एक कांग्रेसी घायल हो गया था। इसके अलावा दयानंद शिशु सदन जूनियर हाईस्कूल में भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता काले और रंजन शर्मा के बीच नोकझोंक के बाद हंगामा हुआ था। फर्जी पोलिंग कराने के विवाद में यह टकराव हुआ।
कनोहर लाल कालेज में भी कांग्रेस और भाजपाईयों के बीच भिड़ंत हो गई थी। पुलिस ने तीनों मामलों को शामिल करते हुए कांग्रेस और भाजपाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी का कहना है कि वीडियो और फुटेज मिली है, इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।